फेसबुक के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg) ने दो साल में पहली बार मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक (Meta Platforms Inc.) के शेयर बेचे हैं। साल 2022 में मेटा (फेसबुक) के शेयरों की हालत खराब रहने के बाद इसमें अच्छी तेजी देखने को मिली है। जुकरबर्ग के ट्रस्ट और उनसे जुड़ी अन्य इकाइयों ने नवंबर में 6,82,000 शेयर बेचे, जिनकी वैल्यू तकरीबन 18.5 करोड़ डॉलर है। रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिये यह जानकारी मिली है। नवंबर 2021 के बाद यह पहला मौका है, जब जुकरबर्ग की संपत्तियों को मैनेज करने वाली इकाइयों ने मेटा के शेयरों की बिक्री की है।
इस साल नवंबर तक मेटा के शेयरों में 172 पर्सेंट की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है और इसकी परफॉर्मेंस Nvidia Corp को छोड़कर बाकी सभी प्रमुख अमेरिकी टेक कंपनियों के मुकाबले बेहतर रही है। इससे जुकरबर्ग को मेटा के बाहर की गतिविधियों मसलन वेंचर कैपिटल, वैज्ञानिक रिसर्च आदि पर फोकस करने में मदद मिली है। जुकरबर्ग ने पिछले दशक में नियमित तौर पर मेटा के शेयरों की बिक्री की थी, लेकिन 2022 में उन्होंने कंपनी का एक शेयर नहीं बेचा, जब खराब तिमाही नतीजों की वजह से कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली थी।
मेटा का स्टॉक अब 2021 के रिकॉर्ड स्तर को छूने के करीब है, जब जकरबर्ग और उनके चैरिटेबल फाउंडेशन चान जुकरबर्ग इनिशिएटिव (Chan Zuckerberg Initiative) ने कैलिफोर्निया की कंपनी मेनलो पार्क (Menlo Park) को 1 अरब डॉलर से भी ज्यादा के शेयर बेचे थे। 39 साल के जुकरबर्ग के बास अब भी मेटा के 13 पर्सेंट शेयर हैं, जिनकी मौजूदा वैल्यू तकरीबन 117.7 अरब डॉलर है।
जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चान अपनी जीवनकाल के दौरान ही अपनी संपत्ति का 99 पर्सेंट हिस्सा परोपकारी गतिविधियों के लिए दान करने का ऐलान कर चुके हैं। इनमें गैर-बराबरी को खत्म करने और बीमारियों के इलाज जैसी गतिविधियां शामिल हैं। हाल में मेटा के जिन शेयरों की बिक्री हुई है, उनमें से भी आधे से भी ज्यादा शेयरों की बिक्री उनके फाउंडेशन के जरिये हुई है।