4 अक्टूबर 2010


सीएनबीसी आवाज़


वोक्सवैगन वेंटो के धमाकेदार एंट्री ने कार बाजार में हलचल मचा दी है।


वेंटो का मुकाबला करने के लिए दूसरी कार कंपनियां अपनी स्ट्रैटेजी बदल रही हैं। होंडा अपनी पॉपुलर मॉडल सिटी को अपग्रेड करेगी तो फिएट अपनी लीनिया का नया मॉडल उतारने जा रही है।


वोक्सवैगन की एंट्री लेवल सेडान कार वेंटो की जबरदस्त डिमांड है। बाजार में उतरने के 3 हफ्ते के अंदर ही वेंटो की बुकिंग का आंकड़ा 4,000 पार कर गया। वेंटो को मिल रहे इस जोरदार रिस्पांस ने दूसरी कार कंपनियों की चिंता बढ़ा दी है।


कई कार कंपनियों ने तो वेंटो से मुकाबले के लिए तैयारी भी पूरी कर ली है और जल्द ही अपनी कारों को अपग्रेड करने या रीलांच करने जा रही हैं। वेंटो की सीधी टक्कर होंडा सिटी से है। लिहाजा होंडा, सिटी को और आकर्षक बनाने के लिए उसके इंटीरियर में काफी बदलाव कर रही है।


जल्द ही सिटी का नया मॉडल बाजार में आने वाला है। इसी तरह वेंटो के सेगमेंट में फिएट अपनी लीनिया को और दमदार इंजन टी जेट के साथ उतारने जा रही है।


हालांकि देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति अपनी अकेली सेडान एसएक्स4 को लेकर परेशान नहीं है। मारुति का कहना है कि शुरुआती बुकिंग से किसी मॉडल की कामयाबी का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। लिहाजा अभी वह एसएक्स4 में कोई फेरबदल करने के मूड में नहीं है।


वहीं ह्युंदई भी वेंटो की कामयाबी को लेकर चिंतित भले ही हो लेकिन वेरना में जल्दबाजी में अब कोई और बदलाव नहीं करना चाहती। करीब 1.5 महीने पहले ही ह्युंदई ने वेरना में कई बदलाव कर उसे नया लुक दिया था। वेंटो को लेकर कंपिटिटर के रिस्पांस से ये तय है कि लोगों को ज्यादा बेहतर ऑप्शन मिलेंगे।


वीडियो देखें