Get App

शेयर बाजार में लौटी बहार, सेंसेक्स 750 अंक उछला, एक दिन में ₹3.5 लाख करोड़ की हुई बरसात

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 11 अगस्त को शानदार रिकवरी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों करीब 1% की बढ़त के साथ बंद हुए। पीएसयू बैंकिंग, रियल्टी और ऑटो सेक्टर में मजबूत खरीदारी से शेयर बाजार में बुल्स ने फिर से पकड़ बनाई। यह तेजी सेंसेक्स और निफ्टी पिछले 5 सालों की सबसे लंबी वीकली गिरावट के बाद आई है

Edited By: Vikrant singh
अपडेटेड Aug 11, 2025 पर 16:14
शेयर बाजार में लौटी बहार, सेंसेक्स 750 अंक उछला, एक दिन में ₹3.5 लाख करोड़ की हुई बरसात

शेयर बाजार में आज की तेजी चौतरफा रही। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.79 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.35 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। सेक्टोरल इंडेक्स में केवल निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स लाल निशान में बंद हुआ। इसमें गिरावट की वजह PG इलेक्ट्रोप्लास्ट, एम्बर एंटरप्राइजेज और वोल्टास के जून तिमाही के कमजोर नतीजे रहे। वहीं दूसरी PSU बैंक, रियल्टी और ऑटो शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखने को मिली।

निवेशकों ने ₹3.39 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 11 अगस्त को बढ़कर 444.02 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 8 अगस्त को 440.63 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.39 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.39 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयरों में 3.24 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद इटर्नल (Eternal), ट्रेंट (Trent), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) के शेयर 2.49 फीसदी से लेकर 2.84 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के सिर्फ 3 शेयरों में दिखी गिरावट
वहीं सेंसेक्स के सिर्फ 3 शेयर आज लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) का शेयर 0.20 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। इसके अलावा भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के शेयर क्रमश: 0.09 और 0.02 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

2,248 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,337 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,248 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,916 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 173 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 122 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 161 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें