Matrimony.com एक बार फिर शेयर बायबैक की तैयारी में, 15 दिसंबर को फैसला; स्टॉक 10% उछला

Matrimony.com Share Price: कंपनी का मार्केट कैप 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर BSE, NSE पर सितंबर 2017 में लिस्ट हुए थे। सितंबर 2025 तिमाही में शुद्ध मुनाफा ₹7.55 करोड़ रहा

अपडेटेड Dec 08, 2025 पर 12:39
Story continues below Advertisement
सोमवार, 8 दिसंबर को Matrimony.com के शेयर 10% चढ़ गए। BSE पर शेयर ₹524.10 पर बंद हुआ कंपनी ने घोषणा की है कि उसका बोर्ड 15 दिसंबर को शेयर बायबैक के प्रस्ताव पर विचार करेगा।

यह पिछले 3 सालों में कंपनी का तीसरा शेयर बायबैक होगा। इससे पहले यह साल 2022 और 2024 में ऐसा कर चुकी है। मौजूदा बायबैक के लिए रिकॉर्ड डेट अभी घोषित नहीं की गई है।

सितंबर 2024 में Matrimony.com ने ₹72 करोड़ के शेयर बायबैक की घोषणा की थी। इसके तहत 30 अक्टूबर से 6 नवंबर 2024 के बीच कंपनी ने शेयरहोल्डर्स से ₹1,025 प्रति शेयर की कीमत पर 7.02 लाख इक्विटी शेयर वापस खरीदे थे।

इससे पहले मई 2022 में इसने अपने पहले शेयर बायबैक की घोषणा की थी। इसके तहत कंपनी ने ₹1,150 प्रति शेयर की कीमत पर ₹75 करोड़ का बायबैक किया था।

Matrimony.com के शेयर BSE, NSE पर सितंबर 2017 में लिस्ट हुए थे। इसका ₹496.88 करोड़ का आईपीओ 4.44 गुना भरा था। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 54.26% हिस्सेदारी थी।

शेयर साल 2025 में अब तक 21% नीचे आया है। स्टॉक ने अपना अब तक का सबसे ऊंचा स्तर फरवरी 2021 में छुआ था। उस वक्त शेयर ₹1242 के उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में Matrimony.com का स्टैंडअलोन रेवेन्यू ₹112.41 करोड़ और शुद्ध मुनाफा ₹7.55 करोड़ रहा। वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू ₹447 करोड़ और शुद्ध मुनाफा ₹44.93 करोड़ रहा था।