शेयर बाजार की आखिरी घंटे में दमदार वापसी, सेंसेक्स 79 अंक चढ़ा, निवेशकों ने ₹35,000 करोड़ कमाए

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने आज 7 अगस्त आखिरी घंटे में जोरदार वापसी की। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अपनी नुकसान की भरपाई करते हुए हरे निशान में बंद हुए। अमेरिका और रूस के बीच बातचीत शुरू होने की संभावना ने बाजार के सेंटीमेंट को ऊपर उठा दिया। सेंसेक्स अपने निचले स्तर से करीब 700 अंकों तक उछल गया। इससे पहले ट्रंप के टैरिफ ऐलानों से शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में गिरावट देखने को मिली थी

अपडेटेड Aug 07, 2025 पर 16:16
Story continues below Advertisement
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने आज 7 अगस्त आखिरी घंटे में जोरदार वापसी की। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अपनी नुकसान की भरपाई करते हुए हरे निशान में बंद हुए। अमेरिका और रूस के बीच बातचीत शुरू होने की संभावना ने बाजार के सेंटीमेंट को ऊपर उठा दिया। सेंसेक्स अपने निचले स्तर से करीब 700 अंकों तक उछल गया। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर 25% एक्सट्रा टैरिफ लगाने के ऐलान से शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि बाद में बाजार रिकवरी देखने को मिली।

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 79.27 अंक या 0.10 फीसदी बढ़कर 80,623.26 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 21.95 अंक या 0.09 फीसदी बढ़कर 24,596.15 के स्तर पर बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट भी मिलजुले संकेतों के साथ बंद हुए। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 0.30 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स 0.18 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी मीडिया इंडेक्स 1.04 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी आईटी और निफ्टी फार्मा में 0.9 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। ऑटो और PSU बैंक इंडेक्स भी 0.33 फीसदी तक बढ़ गए। हालांकि दूसरी ओर रियल्टी और एनर्जी इंडेक्स में 0.16 फीसदी तक गकी गिरावट देखने को मिली।

निवेशकों ने ₹35,000 करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 7 अगस्त को बढ़कर 445.54 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार 6 अगस्त को 445.10 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 2.88 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 35,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 18 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयरों में 1.68 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCL Tech), इटर्नल (Eternal), एक्सिस बैंक (Axis Bank) और मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के शेयर 1.17 फीसदी से लेकर 0.80 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के 12 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) का शेयर 1.55 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं ट्रेंट (Trent), टाटा मोटर्स (Tata Motors), हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) और एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में 0.69 फीसदी से लेकर 1.06% तक की गिरावट देखी गई।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

2,186 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,191 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,852 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,186 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 153 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 111 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 161 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।