Share Market Today: लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद आज 29 जुलाई को भारतीय शेयर बाजारों में तेजी लौटी। निवेशकों ने निचले स्तरों पर जमकर वैल्यू बाइंग की, जिसके चलके बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 446.93 अंकों या 0.55% की बढ़त के साथ 81,337.95 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 140.20 अंक या 0.57% चढ़कर 24,821.10 के स्तर पर बंद हुआ। इस बीच, वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX में 4% से ज्यादा की गिरावट देखी गई और यह 11.54 के स्तर पर आ गया। वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट इस बात का संकेत है निवेशकों के अंदर घबराघट कम हो रही है।
ब्रॉडर मार्केट्स ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। कई दिनों की लगातार गिरावट के बाद निफ्टी मिडकैप 100 में आज 0.8% की तेजी आई। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने आठ दिनों की गिरावट को तोड़ते हुए लगभग 1% की बढ़त हासिल की।
सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी आज हरे निशान में बंद हुए। रियल एस्टेट, मेटल और फार्मा सेक्टर के इंडेक्स में 1% से अधिक की तेजी रही। हालांकि, आईटी इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुआ और पूरे दिन कमजोर बना रहा। इसके पीछे प्रमुख कारण टीसीएस में छंटनी की खबर रही, जिसने बाकी आईटी शेयरों पर भी दबाव डाला।
निवेशकों ने ₹3.63 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 29 जुलाई को बढ़कर 451.50 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 28 जुलाई को 447.87 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.63 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.63 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में 2.21 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद लार्सन एंड टुब्रो (L&T), एशियन पेंट (Asian Paint), टाटा मोटर्स (Tata Motors) और अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयर 1.42 फीसदी से लेकर 2.13 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 11 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एक्सिस बैंक (Axis Bank) का शेयर 0.73 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), टाइटन (Titan), आईटीसी (ITC) और अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) के शेयरों में 0.28 फीसदी से लेकर 0.73% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,482 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,157 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,482 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,521 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 154 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 118 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 93 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।