16 फरवरी को 6 कंपनियों का लॉक-इन होगा खत्म, फ्री हो जाएंगे ₹3653 करोड़ के शेयर

ध्यान रहे कि शेयरहोल्डर लॉक-इन खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि सभी शेयर ओपन मार्केट में बेच ही दिए जाएंगे। ये सिर्फ ट्रेडिंग के लिए एलिजिबल हो जाएंगे। Tenneco Clean Air India के 1.36 करोड़ शेयर ट्रेड के लिए फ्री हो जाएंगे

अपडेटेड Feb 14, 2026 पर 11:09
Story continues below Advertisement
सोमवार 16 फरवरी से शेयर बाजार में कई कंपनियों के 6 कंपनियों के शेयर अनलॉक होने जा रहे हैं। इन कंपनियों के आईपीओ के बाद लागू लॉक-इन अवधि पूरी हो रही है, जिसके चलते करोड़ों शेयर अब खुले बाजार में ट्रेडिंग के लिए योग्य होंगे। बाजार जानकारों के मुताबिक, इन कंपनियों के करीब 11.9 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री होने वाले हैं। इनकी वैल्यू ₹3,652.94 करोड़ है। हालांकि यह ध्यान रखना जरूरी है कि लॉक-इन अवधि खत्म होने का अर्थ यह नहीं है कि सभी शेयर तुरंत खुले बाजार में बिक जाएंगे। इसका मतलब केवल इतना है कि अब ये शेयर ट्रेडिंग के लिए योग्य हो जाएंगे। आगे बिक्री का फैसला संबंधित निवेशकों या प्रमोटरों की रणनीति पर निर्भर करेगा।

Tenneco Clean Air India |कंपनी के 1.36 करोड़ शेयर, जो इसकी कुल इक्विटी का लगभग 3% हैं, सोमवार से ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। इन शेयरों का तीन महीने का लॉक-इन पीरियड समाप्त हो रहा है। मौजूदा बाजार भाव के आधार पर इनकी कुल वैल्यू लगभग 754.8 करोड़ रुपये आंकी गई है। दिलचस्प बात यह है कि यह शेयर अपने आईपीओ प्राइस से करीब 40% ऊपर कारोबार कर रहा है, जिससे निवेशकों को अच्छा रिटर्न मिला है। ऐसे में बाजार की नजर इस बात पर रहेगी कि अनलॉक के बाद मुनाफावसूली होती है या निवेशक शेयर होल्ड करना पसंद करेंगे।

JSW Cement Ltd के 20 लाख (0.2 करोड़) शेयर भी सोमवार से ट्रेडिंग के लिए पात्र हो जाएंगे। यह हिस्सा छह महीने और उससे अधिक अवधि के लॉक-इन का भाग है। मौजूदा कीमत के आधार पर इन शेयरों की वैल्यू 24 करोड़ रुपये से अधिक है। हालांकि संख्या के लिहाज से यह अनलॉक छोटा है, लेकिन निवेशकों की रणनीति पर इसका असर देखने को मिल सकता है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनी Highway Infrastructure Ltd. में बड़ा अनलॉक देखने को मिलेगा। कंपनी के 3.88 करोड़ शेयर, जो कुल इक्विटी का करीब 54% हिस्सा हैं, 16 फरवरी से ट्रेडिंग के लिए पात्र होंगे। यह छह महीने और उससे अधिक अवधि वाले लॉक-इन की समाप्ति से जुड़ा है। मौजूदा बाजार मूल्य पर इन शेयरों की वैल्यू लगभग 215 करोड़ रुपये है। इतनी बड़ी हिस्सेदारी के अनलॉक से शेयर में वॉल्यूम और वोलैटिलिटी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

एनर्जी सॉल्यूशन सेक्टर की कंपनी Fujiyama Power Systems Ltd. के 0.54 करोड़ शेयर, जो कंपनी की करीब 2% इक्विटी के बराबर हैं, तीन महीने के लॉक-इन के बाद बाजार में उपलब्ध होंगे। इनकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 114 करोड़ रुपये है। यह शेयर फिलहाल अपने आईपीओ प्राइस से लगभग 8% नीचे कारोबार कर रहा है, जिससे संकेत मिलता है कि निवेशकों की धारणा अभी संतुलित बनी हुई है।

सबसे बड़ा अनलॉक Bluestone Jewellery and Lifestyle Ltd. में देखने को मिलेगा। कंपनी के 5.78 करोड़ शेयर, जो कुल इक्विटी का लगभग 38% हैं, सोमवार से ट्रेडिंग के लिए पात्र होंगे। छह महीने और उससे अधिक अवधि के लॉक-इन की समाप्ति के साथ इन शेयरों की मौजूदा वैल्यू करीब 2,518 करोड़ रुपये बैठती है। वैल्यू के लिहाज से यह इस सूची का सबसे बड़ा अनलॉक है, जिस पर बाजार की खास नजर रहेगी।

इसके अलावा All Time Plastics Ltd. के 0.11 करोड़ शेयर, जो लगभग 2% इक्विटी के बराबर हैं, भी सोमवार से ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे। मौजूदा कीमत के आधार पर इनकी वैल्यू करीब 28.44 करोड़ रुपये है।