स्विस इनवेस्टमेंट बैंक UBS ने स्विगी और एटर्नल के शेयरों के लिए प्राइस टारगेट कम कर दिया है। UBS ने एटर्नल पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन टारगेट ₹400 से घटाकर ₹375 प्रति शेयर कर दिया है।
स्विगी के लिए भी ब्रोकरेज ने 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है, जबकि टारगेट प्राइस ₹580 से घटाकर ₹510 प्रति शेयर कर दिया है।
ब्रोकरेज ने क्विक कॉमर्स सेगमेंट पर नोट में कहा कि हाल के महीनों में कॉम्पिटिशन बढ़ गया है। नेटवर्क विस्तार जारी रहने के बावजूद ज्यादा डिस्काउंट दिए जा रहे हैं। यह भी कहा कि फूड डिलीवरी ग्रोथ में सुधार हो रहा है।
UBS ने अगले 2 से 3 सालों के लिए एटर्नल के लिए एडजस्टेड EBITDA अनुमानों में 10-18% और स्विगी के लिए 12-28% की कटौती की है। यह भी कहा कि शेयर में हालिया करेक्शन के बावजूद ग्रोथ आउटलुक मजबूत बना हुआ है।
एटर्नल को 33 एनालिस्ट कवर करते हैं, जिनमें से 29 ने 'बाय' रेटिंग दी हुई है। 4 ने 'सेल' रेटिंग की सिफारिश की है। स्विगी को 28 एनालिस्ट कवर करते हैं। इनमें से 24 ने 'बाय' रेटिंग दी है, 2 ने 'होल्ड' और 2 ने 'सेल' की सिफारिश की है।
स्विगी के शेयर में 14 जनवरी को गिरावट है। शेयर दिन में पिछले बंद भाव से लगभग 2.6% टूटकर BSE पर ₹341.45 के लो तक गया। बाद में 1% गिरावट के साथ ₹346.95 पर सेटल हुआ।
जोमैटो की पेरेंट कंपनी एटर्नल के शेयर में पहले गिरावट और बाद में तेजी दिखी। शेयर दिन में BSE पर 1% से ज्यादा टूटकर ₹291 के लो तक गया। फिर करीब 2% चढ़कर ₹299.80 के हाई तक गया। बाद में 1.6% बढ़त के साथ ₹299.20 पर सेटल हुआ।
एटर्नल का मार्केट कैप ₹2.88 लाख करोड़ हो गया है। शेयर 3 महीने में 14% नीचे आया है। फेस वैल्यू ₹1 है। कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 94.42% हिस्सा है।
स्विगी का मार्केट कैप ₹95700 करोड़ हो गया है। शेयर एक महीने में 17% नीचे आया है। फेस वैल्यू ₹1 है। कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 94.06% हिस्सा है।