Humble One: अगर आप पेट्रोल-डीजल और CNG के दाम से परेशान हो गए हैं तो अब आपको इससे छुटकारा मिल सकता है। जल्द ही एक ऐसी कार बाजार में आने वाली है जो सिर्फ सूरज की रोशनी से सड़क पर चलेगी। यानी सौर से ऊर्जा से चलने वाली इलेक्ट्रिक कार लॉन्च होने वाली है। दरअसल, कैलिफोर्निया की इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी हंबल मोटर्स (Humble Motors) ने अपनी अत्याधुनिक तकनीक से लैस नई सौर ऊर्जा (Solar Powered) से चलने वाली इलेक्ट्रिक कार Humble One को पेश किया है।
इस SUV की सबसे खास बात ये है कि, इसमें ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो कि दुनिया में इससे पहले किसी भी SUV में देखने को नहीं मिला है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि, ये दुनिया की पहली सौर ऊर्जा से चलने वाली इलेक्ट्रिक SUV है।
इस SUV के रूफ यानी कि छत पर सोलर पैनल लगाया है। कंपनी का कहना है कि Humble One पर पिछले दो सालों से काम चल रहा है। इसका प्रोडक्शन 2024 में शुरू हो जाएगा और ग्राहकों के लिए साल 2025 तक डिलीवरी शुरू कर दी जाएगी। इस कार को इलेक्ट्रिक कारों की दुनिया में बड़ा अविष्कार माना जा रहा है। कंपनी का दावा है कि Humble One इलेक्ट्रिक SUV फुल चार्ज होने के बाद 805 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देती है। वहीं सोलर मोड में करीब 96 किमी तक चल सकती है।
दुनिया की पहली सूरज की रोशनी से चलने वाली कार की कीमत की बात करें तो Humble One की कीमत 1,09,000 डॉलर यानी करीब 80 लाख रुपये रखी गई है। इस इलेक्ट्रिक SUV को 300 डॉलर यानी लगभग 22,000 रुपये में बुक करा सकते हैं। Humble One कार की बैटरी को सूरज की रोशनी और बिजली से भी चार्ज किया जा सकता है। इसे पावर सॉकेट, स्टैंडर्ड EV चार्जिंग प्वाइंट और EV फास्ट चार्ज से भी चार्ज किया जा सकता है।
डिजाइन की बात करें तो इस SUV के कॉन्सेपट में स्लोपिंग रूफलाइल, बड़ा ब्लैक-आउट ग्रिल, स्लिम LED हेडलाइट्स, पिलर-लेस डोर्स, एयर स्कूप जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कार के पिछले हिस्से में बूमरैंग शेप का टेल लैंप, रियर स्पॉयलर और स्पोर्टी लुक दिया गया है।