Maruti Suzuki Brezza: देश की कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki) ने अपनी कॉम्पैक्ट SUV Brezza के नए वर्जन के लिए बुकिंग शूरू कर दी है। इस महीने के आखिरी में इसके लॉन्च होने की संभावना है। अगर आप नई Brezza को खरीदना चाहते हैं तो कंपनी के किसी भी एरिना शोरूम या इसकी वेबसाइट पर जाकर इसे प्री-बुक कर सकते हैं। प्री-बुक करने के लिए 11,000 रुपये का टोकन अमाउंट देना होगा। लॉन्चिंग से पहले इसके फीचर्स लीक हो गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रेजा मारुति की एकमात्र SUV है, जो भारतीय बाजार में लंबे समय से लोगों की पसंद रही है। साल 2016 में लॉन्चिंग के बाद से इसकी 7.5 लाख यूनिट्स बिक चुकी हैं। इस बार विटारा ब्रेजा से विटारा टैग को अलग कर दिया गया है। यानी अब ये SUV मारुति ब्रेजा कहलाएगा। न्यू ब्रेजा में कई लेटेस्ट और कनेक्टेड फीचर्स मिलेंगे।
Brezza में इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसे फीचर के साथ नए जमाने की तकनीक और कनेक्टेड फीचर्स होंगे। Brezza में 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन ऑप्शन के साथ नेक्स्ट जनरेशन का पावरट्रेन भी होगा। ब्रेजा को 4 वेरिएंट्स LXI, VXI, ZXI और ZXI+ के ऑप्शन मिलेंगे। सभी 4 को मैनुअल 5 स्पीड ट्रांसमिशन में पेश किया जाएगा। सभी वैरिएंट में माइल्ड हाइब्रिड टेक्नोलॉजी वाला एक जैसा इंजन मिलेगा। इसमें वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कार प्ले सपोर्ट के साथ ही फ्लोटिंग टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम देखने को मिलेगा। इस SUV को 6 मोनो-टोन और 3 डुअल-टोन कलर ऑप्शन में लॉन्च किया जाएगा।
पहली बार हेड अप डिस्प्ले और सनरूफ
इतना ही नहीं इसमें डुअल टोन डैशबोर्ड के साथ ही हेडअप डिस्प्ले, 360 डिग्री कैमरा, फ्लैट बॉटम स्टीयरिंग व्हील्ज, ऑटोमैटिक एसी, डुअल टोन इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, न्यू जेनरेशन टेलिमैटिक्स, सनरूफ, रियर एसी वेट्स जैसे स्टैंडर्ड फीचर्स दिए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नई मारुति ब्रेजा कंपनी की पहली कार हो सकती है, जिसे Global NCAP कार क्रैश टेस्ट में 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग्स मिल सकती है। हालांकि इस बारे में कंपनी ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।