Tata Motors : इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में सबसे बड़ी चुनौती इनकी ऊंची कीमतें हैं। इससे पार पाने के लिए, टाटा मोटर्स अब भारत की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार (electric car) लाने की योजना बना रही है। टाटा मोटर्स पीवी बिजनेस यूनिट के एमडी शैलेश चंद्र (Shailesh Chandra) ने बताया कि कंपनी की जल्द ही 12.50 लाख रुपये से कम कीमत का एक हैचबैक इलेक्ट्रिक व्हीकल लॉन्च करने की योजना है। उन्होंने शुक्रवार, 9 सितंबर को सीएनबीसी-टीवी18 के साथ बातचीत में यह बात कही।
12.50 लाख रुपये से कम हो सकती है ईवी की कीमत
चैनल के साथ खास बातचीत में चंद्र ने कहा, “टाटा मोटर्स बहुत जल्द बेहद सस्ती इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करेगी, जो Tigor EV से निचले सेगमेंट की होगी। Tigor EV की शुरुआती कीमत 12.5 लाख रुपये है। अगली कार हैचबैक हो सकती है, जिसकी कीमत खासी कम होगी।”
उन्होंने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में 50,000 ईवी की बिक्री का टारगेट लेकर चल रही है।
तीन साल में 10 गुना से ज्यादा बढ़ा बाजार
इंडस्ट्री की ग्रोथ पर बोलते हुए, चंद्र ने कहा कि ईवी सेक्टर वित्त वर्ष 19 में 2,000 गाड़ियों के स्तर पर था और पिछले तीन साल में यह 10 गुना बढ़ चुका है। उन्होंने कहा, “वित्त वर्ष 23 में अभी तक 20,000 गाड़ियों की बिक्री हो चुकी है, जो वित्त वर्ष 22 के लगभग बराबर आंकड़ा है। इस वित्त वर्ष में ईवी की बिक्री 50,000 गाड़ियों से ज्यादा हो सकती है।”
शैलेश चंद्र, एमडी , टाटा मोटर्स पीवी बिजनेस यूनिट
वित्त वर्ष 23 में 50,000 गाड़ियों की बिक्री का लक्ष्य
चंद्र ने कहा कि उनकी कंपनी ने अभी तक 17,000 ईवी गाड़ियां बेची हैं और उनका वित्त वर्ष 23 में 50,000 व्हीकल्स की बिक्री का लक्ष्य है। उन्होंने कहा, “टाटा मोटर्स, फोर्ड के साणंद प्लांट के उपयोग के लिए एक योजना पर काम कर रही है। हम इस प्लांट से 3 लाख यूनिट की अतिरिक्त क्षमता हासिल करने करने की कोशिश कर रहे हैं।” मुंबई में Nexon EV में आग लगने की घटना के संबंध में चंद्र ने कहा, यह एक ‘अलग हादसा’ है।