Apple Store : भारत का पहला एपल (Apple) स्टोर जल्द ही मुंबई में खुलने वाला है। एपल ने ऐलान किया है कि वह भारत में अपना पहला रिटेल स्टोर खोल रहा है और इसका नाम Apple BKC होगा। एपल काफी समय से भारत में अपना खुद का रिटेल स्टोर खोलने की योजना बना रहा था। एपल का यह रिटेल स्टोर Jio World Drive मॉल मुंबई में आधिकारिक तौर पर Apple BKC के नाम से खोला जाएगा। वहीं, इसकी पहली झलक भी सामने आ गई है। Apple BKC स्टोर अप्रैल में ही खुल जाएगा और Apple की कथित तौर पर बाद में नई दिल्ली में एक और रिटेल स्टोर खोलने की योजना है।
एपल BKC स्टोर मुंबई की आइकॉनिक काली पीली टैक्सी आर्ट से प्रेरित है। इस स्टोर की साइड की दीवार पर 'हैलो मुंबई' लिखा हुआ है। नए स्टोर की ओपनिंग को सेलिब्रेट करने के लिए Apple के फैंस नए Apple BKC वॉलपेपर डाउनलोड कर सकते हैं और भारत में पहले स्टोर के लॉन्च के लिए Apple Music पर एक नई प्लेलिस्ट भी देख सकते हैं।
Apple ने हाल ही में घोषणा की कि उसने भारतीय बाजार के लिए एक और ऑल-टाइम रेवेन्यू रिकॉर्ड बनाया है। फरवरी में एपल के CEO टिम कुक ने कहा, "हमने एक क्वाटर्ली रेवेन्यू रिकॉर्ड सेट किया है और सालाना आधार पर इसमें मजबूत डबल डिजिट वृद्धि हुई है। इसलिए हम अपने प्रदर्शन को लेकर बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं।"
एपल ने Q4 में बेचे 20 लाख iPhone
Apple ने 2022 की हॉलिडे क्वार्टर (Q4) में भारत में 20 लाख iPhone बेचे है। इसके फ्लैगशिप डिवाइस की बिक्री में तिमाही आधार पर 18 फीसदी की वृद्धि हुई है। iPhones की भारत में बाजार हिस्सेदारी 2022 में 5.5% तक पहुंच गई। इसमें सालाना आधार पर 11% की वृद्धि हुई है।
उन्होंने आगे कहा, “भारत हमारे लिए एक बेहद रोमांचक बाजार है और हमारा इस पर खास फोकस है। हम 2020 में वहां ऑनलाइन स्टोर लेकर आए। हम जल्द ही वहां एपल रिटेल लाएंगे।" कुक ने आगे कहा, "महामारी के बावजूद भारत में Apple की ग्रोथ जारी है। यही कारण है कि हम वहां रिटेल लाकर, ऑनलाइन स्टोर लाकर निवेश कर रहे हैं। मुझे भारत से काफी उम्मीदें हैं।"