Amazon lay off : एमेजॉन इंक ने संभवतः बुधवार, 18 जनवरी को अमेरिका, कनाडा और कोस्टा रिका में कुछ नौकरियों की छंटनी कर दी है। यह कटौती कंपनी की 18,000 कर्मचारियों को निकालने की योजना का हिस्सा है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ई-कॉमर्स कंपनी ने अपने स्टाफ को भेजे एक मेमो में कहा कि कंपनी की बुधवार की शाम तक इन देशों में कुछ छंटनी करेगी। अमेरिका में कंपनियों की तरफ से वर्कफोर्स में की जा रही छंटनी के तहत यह वहां के टेक्नोलॉजी सेक्टर में कटौती की नई खबर है। दरअसल, कंपनियां महामारी के दौर के बीतने के बाद अपनी कॉस्ट घटाने और वैश्विक मंदी के बिगड़ते हालात के लिए खुद को तैयार कर रही हैं।
चीफ एग्जीक्यूटिव ने किया था यह ऐलान
Amazon.com के चीफ एग्जीक्यूटिव एंडी जस्सी (Andy Jassy) ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि कंपनी अपने लगभग 3,00,000 कर्मचारियों में से 6 फीसदी की छंटनी करेगी। इससे मुख्य रूप से एमेजॉन की ई-कॉमर्स और ह्यूमन रिसोर्स डिवीजन प्रभावित होंगी।
उधर माइक्रोसॉफ्ट ने भी एक दिन पहले ही ऐलान किया था कि कंपनी लगभग 10,000 नौकरियों की कटौती करेगी।
एमेजॉन में छंटनी की शुरुआत बीते साल हुई थी, जब लगभग 10,000 लोगों की छंटनी का अनुमान लगाया गया था। ब्लूमबर्ग की इस महीने की शुरुआत की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एंडी जस्सी ने कहा, “एमेजॉन अतीत में अनिश्चित दौर गुजरी है और कई मुश्किल दौर से उबरी है। हम आगे भी ऐसा करते रहेंगे। इन चुनौतियों से हमें एक मजबूत कॉस्ट स्ट्रक्चर के साथ लंबी अवधि के अवसरों को भुनाने में मदद मिलेगी।”
हालांकि महीनों से एमेजॉन में छंटनी की आशंकाएं बनी हुई हैं। कंपनी ने स्वीकार किया था कि उसने महामारी के दौरान बहुत से लोगों को काम पर रखा है। इसके चलते कंपनी का आउटलुक कमजोर हो गया है। एमेजॉन से पहले दूसरी कई टेक कंपनियां छंटनी का ऐलान कर चुकी हैं।
मौजूदा मंदी के दौरान टेक कंपनियों के लिए 18,000 कर्मचारियों की छंटनी सबसे बड़ी कटौती होगी। हालांकि, सिलिकन वैली की दूसरी प्रतिस्पर्धी कंपनियों की तुलना में Amazon के कर्मचारियों की संख्या खासी ज्यादा है।