US Shooting: कैलिफोर्निया में अंधाधुंध गोलीबारी की दो घटनाओं में 7 लोगों की मौत, पुलिस ने संदिग्ध को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो

US Shooting: गोलीबारी के कारण का अभी पता नहीं चला है। गोलीबारी की ये घटनाएं ऐसे वक्त में हुई है जब दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार देर रात एक बॉलरूम डांस हॉल में गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने गोलीबारी के संबंध में 67 वर्षीय चुनली झाओ को गिरफ्तार किया है

अपडेटेड Jan 24, 2023 पर 12:06 PM
California Shooting: अंधाधुंध गोलीबारी के सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है

अमेरिका के कैलिफोर्निया (California Shooting) में अंधाधुंध गोलीबारी की घटना सामने आई है। कैलिफोर्निया के सैन फ्रांसिस्को (San Francisco) के पास हाफ मून बे (Half Moon Bay) शहर में एक खेत में और एक ट्रक कंपनी में हुई गोलीबारी की घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। इस सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान 67 वर्षीय चुनली झाओ (67-year-old Chunli Zhao) के रूप में हुई है।

‘सैन मैटियो काउंटी बोर्ड ऑफ सुपरवाइजर्स’ के अध्यक्ष डेव पाइन ने एसोसिएटेड प्रेस (AP) को बताया कि सैन फ्रांसिस्को से करीब 48 किलोमीटर दूर हाफ मून बे शहर में एक खेत में हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि ट्रक कंपनी में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की जान चली गई।

पाइन ने बताया कि पुलिस ने गोलीबारी के संबंध में 67 वर्षीय चुनली झाओ को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध इनमें से एक जगह काम करता था। उन्होंने संदिग्ध को ‘‘असंतुष्ट कर्मी’’ बताया।


कैप्टन इमॉन एलेन ने एक बयान में बताया कि सैन मैटियो काउंटी के शेरिफ कार्यालय को दोपहर ढाई बजे गोलीबारी की सूचना मिली तथा मौके पर चार लोग मृत मिले जिन्हें गोली लगी थी। उन्हें पहले घटनास्थल पर एक और व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। इसके तुंरत बाद अधिकारियों को करीब आठ किलोमीटर दूर दूसरे स्थान पर तीन और लोग मृत मिले।

एलेन ने बताया कि पहली सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद शेरिफ अधिकारी को संदिग्ध झाओ हाफ मून बे में अपनी कार में मिला। उसे हिरासत में ले लिया गया और उसकी कार से एक हथियार बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि झाओ ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया।

ये भी पढ़ें- तबला आर्टिस्ट से लेकर एंड्रॉइड डेवलपर तक, इन 11 बच्चों ने असाधारण उपलब्धि के लिए जीता पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

शेरिफ कार्यालय ने दोनों घटनास्थल के बीच संबंध के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। गोलीबारी के कारण का अभी पता नहीं चला है। गोलीबारी की ये घटनाएं ऐसे वक्त में हुई है जब दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार देर रात एक बॉलरूम डांस हॉल में गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गई थी।

कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने ट्वीट किया, ‘मैं सामूहिक गोलीबारी के पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात कर रहा था तभी मुझे अलग ले जाकर गोलीबारी की एक अन्य घटना की सूचना दी गयी। इस बार हाफ मून बे। त्रासदी पर त्रासदी।’

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।