Cambodia Hotel Casino Fire: थाईलैंड (Border of Thailand) की सीमा पर स्थित कंबोडिया (Cambodia) के एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कंबोडिया के पोइपेट में स्थित ग्रैंड डायमंड सिटी (Grand Diamond City) होटल के कसिनो में स्थानीय समयानुसार बुधवार रात 11:30 बजे आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में 10 लोगों की जलकर मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, आग में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। कई लोगों को जान बचाने के लिए होटल की खिड़कियों से कूदते देखा गया। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है।
सामने आए वीडियो में होटल में आग की बड़ी-बड़ी लपटें देखी जा सकती है। कई घंटों तक होटल से आग की लपटें निकल रही थीं। बड़ी मुश्किल से इस स्थिति पर काबू पाया जा सका। आग होटल के पांचवी मंजिल पर लगी थी। घटना से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वीडियो में जलती हुई इमारत से लोगों को कूदते हुए देखा जा सकता है। होटल में लगी भीषण आग के चलते लोगों में अफरातफरी का माहौल दिखा।
विदेश मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे थे। घायलों को थाईलैंड के Sa Kaeo प्रांत के स्थित अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है। बताया जा रहा है कि आग पर काबू पाने के लिए थाइलैंड से इमरजेंसी कर्मचारियों को लाया गया।
आग पर काबू पाने के लिए कई नागरिक भी वॉलंटियर के रूप में दमकल कर्मचारियों के साथ शामिल हो गए। सोशल मीडिया पर चल रही खबरों की मानें तो होटल और कैसीनो परिसर में लगी आग करीब छह घंटे से तक अनियंत्रित रही। एक वायरल वीडियो में छत का एक बड़ा हिस्सा जलता हुआ दिख रहा है।