Donald Trump Assassination Attempt: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर कथित 'हत्या के प्रयास' में बच गए हैं। डोनाल्ड ट्रंप की प्रचार टीम ने कहा कि फ्लोरिडा में पूर्व राष्ट्रपति के करीब गोली चली। फिलहाल, वह सुरक्षित हैं। फ्लोरिडा में गोलीबारी की खबर के बाद सीक्रेट सर्विस ने कहा कि ट्रंप सुरक्षित हैं तथा जांच की जा रही है। 58 वर्षीय रयान वेस्ले राउथ ने रविवार (15 सितंबर) को फ्लोरिडा में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की हत्या का प्रयास किया। ट्रंप जब वेस्ट पाम बीच में गोल्फ क्लब में गोल्फ खेल रहे थे तभी यह फायरिंग हुई। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने पुष्टि की है कि यह घटना एक हत्या का प्रयास था, जो रिपब्लिकन नेता पर दो महीने में दूसरी बार हुआ था।
चुनावी अभियान के प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप अपने आसपास की गोलीबारी के बाद सुरक्षित हैं। इस समय और कोई जानकारी नहीं है।" अमेरिकी कांग्रेसवुमन मार्जोरी टेलर ग्रीन ने X पर इस जानकारी की पुष्टि करते हुए कहा कि ट्रंप पर हत्या का प्रयास किया गया है। वहीं, राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के बड़े बेटे डोनाल्ड जॉन ट्रंप जूनियर ने कहा कि ट्रंप के गोल्फ कोर्स में गोलीबारी के स्थल के पास एक AK-47 राइफल मिली है। बेटे ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप सुरक्षित हैं। जबकि संदिग्ध को कथित तौर पर पकड़ लिया गया है।
बता दें कि इससे पहले जुलाई में पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक अभियान रैली में एक शूटर ने ट्रंप की हत्या का प्रयास किया था। बंदूकधारी ने ट्रंप के कान में गोली मार दी, जिससे एक दर्शक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारी और एजेंसियां हत्या के प्रयास की जांच कर रही है।
कौन है हमलावर? (Who Is Ryan Wesley Routh)
'न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, रयान वेस्ले राउथ उत्तरी कैरोलिना ग्रीन्सबोरो का एक पूर्व कंस्ट्रक्शन वर्कर हैं। उसके पास कोई औपचारिक मिलिट्री बैकग्राउंड नहीं थी। लेकिन उसने हाल ही में सशस्त्र संघर्ष में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की थी। विशेष रूप से रूस के 2022 के आक्रमण के बाद यूक्रेन युद्ध में उसने भाग लेने की इच्छा व्यक्त की थी। एक X पोस्ट में राउथ ने यूक्रेन में 'लड़ने और मरने' की अपनी इच्छा व्यक्त की। उसने कहा, "मैं क्राकोव जाने और यूक्रेन की सीमा पर जाकर स्वयंसेवक बनने और लड़ने और मरने के लिए तैयार हूं।"
Newsweek Romania के साथ एक इंटरव्यू में राउथ ने कहा था, "वह शुरू में यूक्रेन में यूक्रेनियों का समर्थन करने के लिए "लड़ने" के लिए गया था। कीव पहुंचने के बाद उसने युद्ध में शामिल होने के लिए लोगों की भर्ती में मदद की। हमें यहां लड़ने वाले सभी लोगों की जरूरत है... इसलिए मैं कीव में हूं, इसलिए मैं जिस भी परियोजना को बढ़ावा देता हूं, उसका उद्देश्य लोगों को यहां यूक्रेनियों का समर्थन करने के लिए लाना है।"
यह राउथ का कानून के साथ पहला सामना नहीं था। 2002 में ग्रीन्सबोरो में एक बिल्डिंग के अंदर हथियार के साथ खुद को बंद करने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि, मामले का नतीजा अभी भी अस्पष्ट है। राउथ के बेटे ने डेली मेल को बताया कि उनके पिता सभी समझदार लोगों की तरह डोनाल्ड ट्रंप से नफरत करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता हिंसक व्यक्ति नहीं हैं। उन्हें नहीं लगता कि उनके पास बंदूक है।