Donald Trump: कनाडा और मेक्सिको पर क्यों कब्जा करना चाहते हैं ट्रंप, फिर नाम बदलने की दी धमकी

Donald Trump: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से कहा है कि वह कनाडा को अमेरिका का हिस्सा बनाने के लिए 'आर्थिक बल' का प्रयोग करेंगे। ट्रंप की इस टिप्पणी पर कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है

अपडेटेड Jan 08, 2025 पर 12:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Donald Trump: ट्रंप ने कहा है कि गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम बदलकर 'गल्फ ऑफ अमेरिका' करेंगे

Donald Trump News: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने व्यापक विस्तारवादी एजेंडे के तहत पनामा और ग्रीनलैंड पर लगातार धमकियां दे रहे हैं। इतना ही नहीं ट्रंप ने कनाडा को 51वें राज्य के रूप में अमेरिका में विलय करने का विचार भी पेश किया है। इसके अलावा ट्रंप ने कहा है कि 'गल्फ ऑफ मेक्सिको' का नाम बदलकर 'गल्फ ऑफ अमेरिका' करेंगे। ट्रंप ने मंगलवार (7 जनवरी) को कहा कि वह 'गल्फ ऑफ मेक्सिको' का नाम बदलकर 'गल्फ ऑफ अमेरिका' करेंगे। ट्रंप ने साथ ही कहा कि ऐसा करना उचित है।

ट्रंप (Donald Trump) ने फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में पत्रकारों से कहा, "हम गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम बदलकर गल्फ ऑफ अमेरिका करने जा रहे हैं। गल्फ ऑफ अमेरिका कितना अच्छा नाम है ना।" ट्रंप ने कहा, "यही सही है।" हालांकि, उन्होंने इसके लिए कोई समयसीमा नहीं बताई। जॉर्जिया से रिपब्लिकन पार्टी की सांसद ने इस कदम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में इस संबंध में एक विधेयक पेश करेंगी।

कनाडा के खिलाफ 'आर्थिक बल' का प्रयोग करेंगे ट्रंप


ट्रंप ने कहा कि वह कनाडा को अमेरिका का भाग बनाने के लिए 'आर्थिक बल (economic force)' का प्रयोग करेंगे। फ्लोरिडा के 'मार-ए-लागो' (ट्रंप का निजी रिजॉर्ट एवं क्लब) में पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या वह कनाडा को देश के अधीन करने और उसे हासिल करने के लिए सैन्य बल का इस्तेमाल करने पर विचार कर रहे हैं, तो इस पर ट्रंप ने कहा, 'नहीं।'

पिछले कुछ हफ्तों से ट्रंप ने जोर देकर कहा है कि वह कनाडा को अमेरिका का हिस्सा और उसका 51वां राज्य बनाना चाहते हैं। कई बार वे ट्रूडो का मजाक उड़ाते हुए उन्हें कनाडा का गवर्नर कह चुके हैं। ट्रंप ने कहा, "मैं आर्थिक बल का उपयोग करूंगा क्योंकि कनाडा और अमेरिका के लिए यह वास्तव में एक बड़ी बात होगी। आप उस आर्टिफिशियल रूप से खींची गई रेखा से छुटकारा पा सकते हैं। आप देख सकते हैं कि यह कैसी दिखती है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी बहुत बेहतर होगा। मत भूलिए, हम मूल रूप से कनाडा की रक्षा करते हैं।"

ट्रंप ने कहा कि वह कनाडा के लोगों से प्यार करते हैं, लेकिन अमेरिका अब कनाडा को वित्तीय सहायता नहीं दे सकता। उन्होंने कहा, "मैं कनाडा के लोगों से प्यार करता हूं, वे महान हैं। लेकिन हम इसे बचाने के लिए हर साल सैकड़ों अरबों डॉलर खर्च कर रहे हैं। हम कनाडा की देखभाल के लिए हर साल सैकड़ों अरबों डॉलर खर्च कर रहे हैं। हम व्यापार घाटे में भारी नुकसान उठा रहे हैं। हमें उनकी कारों की जरूरत नहीं है। आप जानते हैं, वे हमारी 20 प्रतिशत कारें बनाते हैं। हमें इसकी जरूरत नहीं है।"

ट्रंप ने कहा, "वे हमें जो लाखों कारें भेजते हैं उससे वे बहुत पैसा कमाते हैं। वे हमें बहुत सी अन्य चीजें भेजते हैं जिनकी हमें जरूरत नहीं है। हमें उनकी कारों की जरूरत नहीं है और हमें अन्य उत्पादों की भी जरूरत नहीं है। हमें उनके दूध की जरूरत नहीं है। हमारे पास बहुत सारा दूध है। हमारे पास बहुत सारी चीजें हैं और हमें इनमें से किसी की भी जरूरत नहीं है।"

ये भी पढ़ें- 'राज्यों के पास फ्रीबीज के लिए पैसे हैं, लेकिन जजों की सैलरी के लिए नहीं': दिल्ली चुनाव से पहले सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

ट्रूडो का रिएक्शन

ट्रंप की इस टिप्पणी पर कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा, "इस बात की कोई संभावना नहीं है कि कनाडा अमेरिका का हिस्सा बन जाएगा।" ट्रूडो ने कहा, "एक-दूसरे के सबसे बड़े व्यापारिक और सुरक्षा साझेदार होने के नाते दोनों देशों के लोगों को लाभ होता है।" बता दें कि ट्रूडो ने एक दिन पहले कनाडा के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।