Credit Cards

Donald Trump Shooting: ट्रंप से पहले अमेरिका के इन 9 राष्ट्रपतियों पर भी हो चुके हैं हमले, कई की गई जान

Donald Trump Shooting: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर शनिवार को पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान जानलेवा हमला हुआ। ट्रंप भाषण दे रहे थे, तभी उनके ऊपर फायरिंग हो गई। एक गोली उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से में लगी। यह पहला मौका नहीं है, जब अमेरिका के किसी राष्ट्रपति या राष्ट्रपति पद के उम्मीवार पर जानलेवा हमला हुआ है। इससे पहले भी अमेरिकी के कई राष्ट्रपतियों की गोली मारकर हत्या की जा चुकी है

अपडेटेड Jul 14, 2024 पर 11:21 AM
Story continues below Advertisement
Donald Trump Assasination Attempt: अब्राहम लिंकन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति थे जिनकी हत्या की गई थी

Donald Trump Shooting: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर शनिवार को पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान जानलेवा हमला हुआ। ट्रंप भाषण दे रहे थे, तभी उनके ऊपर फायरिंग हो गई। एक गोली उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से में लगी। हालांकि, अमेरिका की ‘सीक्रेट सर्विस’ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रंप को सुरक्षा घेरे में ले लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले गए। वहीं हमलावर को मार गिराया गया है। यह पहला मौका नहीं है, जब अमेरिका के किसी राष्ट्रपति या राष्ट्रपति पद के उम्मीवार पर जानलेवा हमला हुआ है। इससे पहले भी अमेरिकी के कई राष्ट्रपतियों की गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। वहीं कई को मारने की कोशिश की गई।

इस आर्टिकल में उन सभी नेताओं के बारे में जानिए...

1. अब्राहम लिंकन (Abraham Lincoln)

अब्राहम लिंकन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति थे जिनकी हत्या की गई थी। 14 अप्रैल 1865 को जॉन विल्क्स बूथ नाम के एक शख्स ने उन्हें गोली मार दी थी। वह उस वक्त अपनी पत्नी मैरी टॉड लिंकन के साथ वाशिंगटन के फोर्ड थिएटर में एक नाटक "ऑवर अमेरिकन कजिन" देखने गए थे। गोली सिर के पिछले हिस्से में लगी थी। गोली लगने के बाद लिंकन को इलाज के लिए थिएटर के सामने वाली सड़क पर एक घर में ले जाया गया था। अगली सुबह उनकी मृत्यु हो गई। लिंकन को अमेरिका में दास प्रथा का अंत करने के लिए जाना जाता है। इसी से नाराज होकर जॉन बूथ ने लिंकन की हत्या कर दी थी।


2. जेम्स गारफील्ड (James Garfield)

जेम्स गारफील्ड दूसरे अमेरिकी राष्ट्रपति थे, जिनकी उनके कार्यकाल के दौरान हत्या हुई थी। पदभार ग्रहण करने के छह महीने के अंदर ही उन्हें गोली मार दी गई। 2 जुलाई 1881 को गारफील्ड वॉशिंगटन से न्यू इंग्लैंड जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, तभी चार्ल्स गुइटो ने उन्हें गोली मार दी। टेलीफोन के आविष्कारक अलेक्जेंडर ग्राहम बेल ने राष्ट्रपति के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए एक उपकरण का इस्तेमाल करके गारफील्ड की छाती में फंसी गोली को खोजने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। गोली करीब 2 महीने तक उनके सीने में धंसी रही। डॉक्टरों ने ये गोली निकालने की हफ्तों तक कोशिश की मगर सफल नहीं हो पाए। आखिरकार उस साल सिंतबर में उनकी मृत्यु हो गई। गारफील्ड के बाद उप राष्ट्रपति चेस्टर आर्थर ने पदभार संभाला। गुइटो को दोषी पाया गया और जून 1882 में उन्हें फांसी दे दी गई।

3. विलियम मैककिनले (William McKinley)

विलियम मैककिनले अमेरिका के 25वें राष्ट्रपति थे। 6 सितंबर 1901 को वह न्यूयॉर्क के बफेलो में भाषण देने के बाद लोगों से हाथ मिला रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उनके सीने में दो गोलियां दाग दीं। डॉक्टरों को उम्मीद थी कि मैककिनले ठीक हो जाएंगे, लेकिन फिर गोली के घावों के आसपास गैंग्रीन हो गया। मैककिनले की मृत्यु 14 सितंबर, 1901 को हुई, जो कि उनके दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के छह महीने बाद हुआ। उन पर गोली चलाने वाला एक 28 वर्षीय बेरोजगार युवक एफ कोल्गोज था। कोल्गोज को मुकदमे में दोषी पाया गया और 29 अक्टूबर, 1901 को उसे मौत की सजा दी गई।

4. जॉन एफ कैनेडी (John F Kennedy)

जॉन एफ कैनेडी अमेरिका के 35वें राष्ट्रपति थे। 22 नवंबर 1963 को उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह उस वक्त अपनी पत्नी जैकलीन कैनेडी के साथ एक ओपन कार में डलास शहर से गुजर रहे थे। कैनेडी को पार्कलैंड मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ ही समय बाद उनकी मृत्यु हो गई। कैनेडी को गोली मारने वाले स्नाइपर की पहचान ली हार्वे ओसवाल्ड के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन गिरफ्तारी के दो दिन बाद ओसवाल्ड को पुलिस मुख्यालय से काउंटी जेल ले जाते समय, डलास नाइट क्लब के मालिक जैक रूबी ने ओसवाल्ड की गोली मार कर हत्या कर दी।

5. रॉबर्ट एफ कैनेडी (Robert F Kennedy)

ये अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के भाई थे और 1968 में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे। हालांकि नामांकन से पहले ही लॉस एंजिल्स के एक होटल में उनकी हत्या कर दी गई। इससे ठीक पहले उन्होंने कैलिफोर्निया के प्राइमरी इलेक्शन में जीत हासिल की थी। वह न्यूयॉर्क से अमेरिकी संसद में सीनेटर भी थे। कैनेडी को तीन गोली माी गई थी और गोलीबारी में 5 अन्य लोग भी घायल हुए थे। हत्यारे की पहचान 24 वर्षीय सरहान सरहान के रूप में हुई, जिसे उसे मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि बाद में इसे आजीवन कारावास में बदल दिया गया था।

6. जॉर्ज वालेस (George Wallace)

जॉर्ज वालेस 1972 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार थे। हालांकि चुनाव अभियान के दौरान 1972 में उन्हें मैरीलैंड में गोली मार दी गई। इस घटना से उन्हें कमर से नीचे लकवा मार गया। यह गोली आर्थर ब्रेमर नाम के एक शख्स ने चलाई थी, जिसे जेल में कैद की सजा सुनाई गई। 2007 में ब्रेमर को रिहा कर दिया गया था।

7. गेराल्ड फोर्ड (Gerald Ford)

अमेरिका के 38वें राष्ट्रपति गेराल्ड फोर्ड की 1975 में कुछ हफ्तों के भीतर 2 बार हत्या कोशिश हुई। हालांकि दोनों ही घटनाओं में उन्हें कोई चोट नहीं आई। पहली कोशिश में, वह कैलिफोर्निया के गवर्नर के साथ एक मीटिंग के लिए जा रहे थे, तभी एक महिला भीड़ को चीरते हुए हुई और उसने फोर्ड पर अपनी सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल तान दी। हालांकि बंदूक से गोली नहीं चली। महिला को जेल की सजा सुनाई गई और 2009 में रिहा कर दिया गया। 17 दिन बाद ही एक दूसरी महिला, सारा जेन मूर ने सैन फ्रांसिस्को में एक होटल के बाहर फोर्ड पर गोली चलाई, लेकिन उसका निशाना चूक गया। मूर को जेल भेज दिया गया और 2007 में रिहा कर दिया गया।

8. रोनाल्ड रीगन (Ronald Reagan)

रोनाल्ड रीगन अमेरिका के 40वें राष्ट्रपति थे। मार्च 1981 में वह वाशिंगटन, डी.सी. में भाषण देकर अपने काफिले की ओर जा रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद जॉन हिंकले जूनियर ने उन्हें गोली मार दी। कुछ समय तक हॉस्पिटल में रहने के बाद रीगन को बचा लिया गया। इस हमले में 3 अन्य लोगों को गोली लगी थी। कोर्ट में जॉन हिंकले के वकीलों ने उसे ‘पागल’ करार दिया जिससे उसे मौत की सजा नहीं मिल सकी।

9. जॉर्ज डब्ल्यू बुश (George W Bush)

अमेरिका के 43वें राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश पर 2005 में जानलेवा हमला हुआ था। वह उस वक्त जॉर्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल साकाशविली के साथ त्बिलिसी में एक रैली में भाग ले रहे थे, तभी उनकी ओर एक ग्रेनेड यानी हथगोला फेंका गया। दोनों राष्ट्रपति बुलेटप्रूफ बैरियर के पीछे थे। हथगोला उनसे 100 फीट दूर गिर था। हालांकि ग्रेनेड फटा नहीं और कोई घायल नहीं हुआ। ग्रेनेडे फेंकेने वाले व्लादिमीर अरुतुयनियन को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

यह भी पढ़ें- Donald Trump Attack: हमले से 4 मिनट पहले डोनाल्ड ट्रंप के सुरक्षाकर्मियों को बंदूकधारी के बारे में किया गया था आगाह

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।