Donald Trump Assassination Attempt: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर एक बार फिर जानलेवा हमले की कोशिश हुई है। रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप रविवार (15 सितंबर) को फ्लोरिडा में एक कथित हत्या के प्रयास में बाल-बाल बच गए। ट्रंप पर ये हत्या के प्रयास का दूसरा मामला है। पहला 13 जुलाई 2024 को बटलर, पेंसिल्वेनिया में हुआ था। तब उनके दाहिने कान में गोली लगी थी। हमले के तुरंत बाद शूटर को मार गिराया गया था। ट्रंप पर हुए हमले की राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि हमारे देश में राजनीतिक हिंसा या किसी भी तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।
जांचकर्ताओं ने पुष्टि की है कि रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की "हत्या का प्रयास" किया गया था। इस बीच, Tesla के फाउंडर और दुनिया के सबसे बड़े धनकुबेर एलॉन मस्क (Elon Musk) ने ट्रंप पर हमले को लेकर बड़ा सवाल उठा दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के मालिक टेक अरबपति मस्क ने ट्रंप पर कथित हत्या के प्रयास की दूसरी घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्रपति जो बाइडेन और डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की हत्या करने की कोशिश नहीं कर रहा है।
मस्क ने एक X पोस्ट में लिखा, "और कोई भी बाइडेन/कमला की हत्या करने की कोशिश नहीं कर रहा है।" रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप रविवार को फ्लोरिडा में कथित हत्या के प्रयास में बच गए। पेंसिल्वेनिया के बोल्डर में एक रैली में हत्या के प्रयास के दो महीने बाद रविवार दोपहर फ्लोरिडा में उनके गोल्फ कोर्स के बाहर गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी के सिलसिले में एक 58 वर्षीय संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में 58 वर्षीय रयान वेस्ले राउथ को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले का आरोपी बताया जा रहा है। हमला फ्लोरिडा में तब हुआ जब ट्रंप गोल्फ खेल रहे थे। हमलावर राउथ के बारे में कहा जाता है कि वह हवाई का निवासी है। वह उत्तरी कैरोलिना में एक मजदूर के रूप में काम करता था। उसने रूसी हमलों के खिलाफ यूक्रेन के समर्थन में लड़ाकों की भर्ती करने की कोशिश की थी।
अमेरिकी खुफिया एजेंसी FBI ने कहा कि वह इस घटना की "हत्या का प्रयास" मानते हुए जांच कर रही है। एजेंसी ने एक बयान में कहा, "एफबीआई ने वेस्ट पाम बीच, फ्लोरिडा में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या के प्रयास की जांच कर रही है।" जांचकर्ताओं को एक AK-47 स्टाइल राइफल, सिरेमिक टाइल से भरे दो बैकपैक और एक गोप्रो कैमरा मिला, जिसे मौका ए वारदात पर छोड़ दिया गया था।