ब्राजील में बैकफुट पर आए एलॉन मस्क, X करेगी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन

ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के जज एलेक्जेंडर डी मोरेस ने कंपनी को कमर्शियल रजिस्ट्री और अन्य डॉक्युमेंट पेश करने के लिए 5 दिन का वक्त दिया है। अगस्त के आखिर में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं करने के बाद X पर ब्राजील में बैन लगा दिया गया था। X ने औपचारिक रूप से राहेल डी ओलिवेरा कॉन्सेकाओ को ब्राजील में अपना कानूनी प्रतिनिधि चुना है

अपडेटेड Sep 23, 2024 पर 9:01 AM
Story continues below Advertisement
ब्राजील के कानून के अनुसार, विदेशी कंपनियों को देश में काम करने के लिए एक कानूनी प्रतिनिधि रखना जरूरी है।

ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट Vs सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X मामले में एलॉन मस्क (Elon Musk) बैकफुट पर आ गए हैं। X के वकीलों ने कहा है कि कंपनी ब्राजील में ऑपरेशंस फिर से शुरू करने की इजाजत के लिए सुप्रीम कोर्ट की मांगों का पालन करेगी। पहले फर्म ने कहा था कि वह इन मांगों या आदेशों को पूरा नहीं करेगी। अगस्त के आखिर में X पर नफरत भरे भाषणों पर कंट्रोल से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं करने के बाद X पर ब्राजील में बैन लगा दिया गया था।

ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा था कि अगर कोई वीपीएन के जरिए इसे एक्सेस करता है तो हर दिन 50 हजार रीस यानि 8900 डॉलर का जुर्माना भरना होगा। X के वकीलों की ओर से दिए गए ताजा अपडेट के बाद ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी से देश में अपने नए कानूनी प्रतिनिधि को मान्य करने वाले डॉक्युमेंट्स पेश करने को कहा है।

चुन लिया कानूनी प्रतिनिधि


X के वकीलों की ओर से कहा गया है कि प्लेटफॉर्म ने ब्राजील में एक कानूनी प्रतिनिधि का नाम दिया है, जो अदालत द्वारा की गई एक प्रमुख मांग को पूरा करता है। इसके बाद अपने फैसले में ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के जज एलेक्जेंडर डी मोरेस ने कंपनी को कमर्शियल रजिस्ट्री और अन्य डॉक्युमेंट पेश करने के लिए 5 दिन का वक्त दिया। ये साबित करते हैं कि X ने औपचारिक रूप से राहेल डी ओलिवेरा कॉन्सेकाओ को ब्राजील में अपना कानूनी प्रतिनिधि चुना है।

ब्राजील के कानून के अनुसार, विदेशी कंपनियों को देश में काम करने के लिए एक कानूनी प्रतिनिधि रखना जरूरी है। प्रतिनिधि स्थानीय स्तर पर फर्म के लिए कानूनी जिम्मेदारियां संभालेंगे। अगस्त के मध्य तक X के पास ब्राजील में एक कानूनी प्रतिनिधि था। उसके बाद कंपनी ने देश में अपने कार्यालय बंद करने और अपने कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया।

चिपमेकर Intel में अरबों डॉलर का निवेश करना चाहती है अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट

मस्क और मोरेस के बीच महीनों से विवाद

एलॉन मस्क और जज मोरेस के बीच महीनों से विवाद चल रहा है। इस साल की शुरुआत में मोरेस ने X को कुछ अकाउंट्स ब्लॉक करने का आदेश दिया था। इन अकाउंट्स के जरिए ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो की सरकार के दौरान फर्जी खबरें और नफरत भरे संदेश फैलाने का आरोप है। इसकी X के मालिक एलॉन मस्क ने सेंसरशिप के रूप में निंदा की थी और आदेशों का पालन करने से मना कर दिया था। इस इनकार के बाद जज एलेक्जेंडर डी मोरेस ने एलॉन मस्क की स्टारलिंक के वित्तीय खातों को ब्लॉक करने का भी आदेश दिया था।

इसके अलावा कानूनी प्रतिनिधि का मैटर तो था ही। ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने X पर से प्रतिबंध हटाने की शर्तों के रूप में 30 लाख डॉलर से अधिक का जुर्माना भरने को कहा था। पहले X ने कहा था कि वह अवैध आदेशों का पालन नहीं करेगी, लेकिन अब उसके वकीलों ने कहा है कि प्लेटफॉर्म अपने ऊपर बकाया जुर्माना भरेगा। साथ ही उसने कोर्ट के निर्देश के अनुसार संबंधित खातों को ब्लॉक करना भी शुरू कर दिया है।

"अपना 'नमस्ते' भी अब मल्टीनेशनल हो गया है": न्यूयॉर्क में बोले पीएम मोदी- ''AI का मतलब अमेरिका-इंडिया भावना भी है'', पढ़ें- मेगा शो की बड़ी बातें

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।