दुनिया के दूसरे सबस अमीर शख्स एलॉन मस्क (Elon Musk) इस साल की शुरुआत में 11वें बच्चे के पिता बन गए। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है। बच्चे की मां शिवोन जिलिस (Shivon Zilis) हैं। मस्क और जिलिस की यह तीसरी संतान है और जिलिस न्यूरालिंक (Neuralink) में ऑपरेशंस और स्पेशल प्रोजेक्ट्स की डायरेक्टर हैं। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2021 में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। एलॉन मस्क के पास पहली पत्नी जस्टिन मस्क के साथ पांच बच्चे और कनाडाई म्यूजिशियन ग्राइम्स के साथ तीन बच्चे हैं।
बता दें कि एलॉन मस्क कम जनसंख्या को लेकर चिंतित रहते हैं। उन्होंने वैश्विक स्तर पर जनसंख्या में गिरावट को लेकर आवाज उठाई है। उनका मानना है कि भविष्य में सभ्यता के भविष्य के लिए अधिक बच्चे होने जरूरी हैं। मस्क इस बात की वकालत करते हैं कि अधिक आईक्यू वाले लोगों को इस संकट से निपटने के लिए अधिक बच्चे करने चाहिए। उनका यह विचार व्यापक चर्चा का विषय है।
Elon Musk और Shivon Zilis का रिश्ता 2022 में आया सामने
एलॉन मस्क और शिवोन जिलिस के तीन बच्चे हैं जिसमें से दो बच्चे जुड़वां 2021 में पैदा हुए थे। हालांकि दोनों के बारे में अधिक लोगों को नहीं पता था। जब वर्ष 2022 में दोनों ने अपने जुड़वां बच्चों का नाम बदलकर उसमें मस्क का अंतिम नाम और जिलिस का अंतिम नाम उनके मध्य नाम के रूप में शामिल करने के लिए याचिका दायर की थी, तब दोनों के बारे मे लोगों को पता चला। मस्क की जीवनी लिखने वाले वाल्ट इसाकसन (Walter Isaacson) ने दोनों के संबंधों के बारे में सितंबर 2023 में और खुलासा किया था। उन्हें मस्क और जिलिस की एक फोटो उनके जुड़वां बच्चों के साथ पोस्ट किया था।
जिलिस ने वर्ष 2017 में न्यूरालिंक ज्वाइन किया था। एलॉन मस्क की इस कंपनी का फोकस दिमाग में लगाने वाला चिप बनाने पर है। न्यूरालिंक से पहले जिलिस ओपनएआई में थीं। इसे भी मस्क ने पार्टनर्स के साथ मिलकर यह सुनिश्चिक करने के लिए शुरू किया था कि एआई मानवता को फायदा पहुंचाए। ओंटारियो की जिलिस के पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो उन्होंने येल यूनिवर्सिटी में प्रवेश लिया था और वहां वह महिला आईस हॉकी टीम की गोलकीपर थीं। उन्होंने इकनॉमिक्स और फिलॉसफी में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। जिलिस के कैरियर की शुरुआत आईबीएम से हुई थी। वहां से वह ब्लूमबर्ग बीटा में पहुंची और फिर ओपनएआई और न्यूरालिंक में।