Elon Musk Plan For Twitter: Twitter के यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। आप जल्द इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूट्यूब (YouTube) की तरह लंबे वीडिया देख सकेंगे। अभी ट्विटर पर लंबे वीडियो अपलोड करने की सुविधा नहीं है। इस पर मैक्सिमम 140 सेकेंड के वीडियो आप देख सकते हैं। Twitter के नए बॉस Elon Musk ने इसके संकेत दिए हैं।
Tesla के सीईओ मस्क ने 28 अक्टूबर को ट्विटर का अधिग्रहण कर लिया। उन्होंने इसके लिए 44 अरब डॉलर की कीमत चुकाई है। अधिग्रहण के बाद से उन्होंने ट्विटर को लेकर कई बड़े फैसले किए हैं। इससे Twitter लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। उन्होंने ब्लू टिक के लिए हर महीने यूजर से 8 डॉलर की फीस लेने का ऐलान किया है। उन्होंने कंपनी के करीब 50 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है। इंडिया में तो 230 में से 180 एंप्लॉयीज को हटा दिया गया है।
अब मस्क ने ट्विटर पर ज्यादा समय वाले वीडियो डालने की सुविधा शुरू करने का संकेत दिया है। दरअसल, उन्होंने एक यूजर के ट्वीट के जवाब में यह बात कही है। एक यूजर ने ट्वीट किया था कि अगर ट्विटर भी फुल लेंथ वीडियो फीचर शुरू करती है तो यूट्यूब की तरह मॉनेटाइजेशन स्कीम ऑफर करती है तो वह अपने वीडियो इस प्लेटफॉर्म पर भी अपलोड करेंगे। इसके जवाब में मस्क ने कहा है कि वह 42 मिनट लंबे वीडियो अपलोड करने की सुविधा शुरू करेंगे।
मस्क ने कहा है, "हम न्यू ब्ल्यू के लिए 1080 रिजॉल्यूशन पर 42 मिनट का वीडियो कर सकते हैं। इससे आप लंबे वीडियो लोड कर सकते हैं। 42 मिनट की लिमिट अगले महीने शुरू की जा सकती है।" अभी ट्विटर पर सिर्फ 140 सेकेंड का वीडियो पोस्ट किया जा सकता है। मस्क ने यह भी कहा कि उनका प्लेटफॉर्म सभी तरह के कंटेंट के लिए मॉनेटाइजेशन का सपोर्ट करेगा।
Twitter के अधिग्रहण के बाद से मस्क ने जो पॉलिसी अपनाई है, उनमें से ज्यादातर की आलोचना हुई है। दरअसल, उनका फोकस ट्विटर को जल्द से जल्द प्रॉफिट कमाने वाली कंपनी बनाना है। इसके लिए वह मॉनेटाइजेशन पर जोर दे रहे हैं। हालांकि, कई दिग्गज कंपनियों की उनकी पॉलिसी पसंद नहीं आई है। कई बड़ी कंपनियों ने Twitter पर ऐड नहीं देने का फैसला किया है।