Meta Layoffs : मेटा प्लेटफॉर्म्स (Meta Platforms Inc) इस हफ्ते बड़े स्तर पर छंटनी शुरू करने की योजना बना रही है, जिसका असर उसके हजारों कर्मचारियों पर दिख सकता है। वाल स्ट्रीट जर्नल ने इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वालों के हवाले से यह खबर दी है। इससे जुड़ी घोषणा बुधवार को हो सकती है। मेटा ने इस खबर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
फेसबुक (Facebook) की पेरेंट मेटा ने अक्टूबर में कमजोर हॉलिडे क्वार्टर का अनुमान जाहिर किया था। मेटा को सुस्त वैश्विक इकोनॉमिक ग्रोथ, टिकटॉक से मिल रही प्रतिस्पर्धा, ऐपल से प्राइवेसी चेंजेस आदि कई चुनौतियों से जूझना पड़ रहा है। साथ ही उसके मेटावर्स पर किए जा रहे भारी खर्च को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं।
Meta में कब से शुरू होगी छंटनी
वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मेटा इसी बुधवार यानी 9 नवंबर से कंपनी में बड़े पैमाने पर छंटनी की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इस छंटनी का असर कंपनी के हजारों एम्प्लॉयीज पर पड़ेगा। मेटा के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी छंटनी होने जा रही है। सितंबर के आखिर में कंपनी ने जानकारी दी थी कि मेटा में कुल 87,000 कर्मचारी काम करते हैं।
इस साल 73 फीसदी टूटे मेटा के शेयर
मेटा के शेयरों में इस साल भारी गिरावट देखी गई है और इसके शेयर कुल 73 फीसदी नीचे आ चुके हैं। साल 2016 के अपने निचले स्तर से ज्यादा गिरने के बाद इस कंपनी के शेयर अमेरिकी बाजारों के S&P 500 इंडेक्स के सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले शेयर बन चुके है। मेटा के शेयरों की वैल्यू में इस साल करीब 67 अरब डॉलर की कमी आई है जिससे कंपनी को बड़ा झटका लगा है। हालांकि वॉल स्ट्रीट जर्नल के हवाले से बताया गया कि कंपनी ने उसके सवालों पर कुछ भी कहने से मना कर दिया है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि यह छंटनी बड़े पैमाने पर होगी और हजारों कर्मचारियों को उनकी नौकरी से निकालने की योजना बन गई है।
मार्क जुकरबर्ग ने दिए थे ये संकेत
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग (Chief Executive Mark Zuckerberg) ने पहले ही बताया था कि उम्मीद है कि उन्हें मेटावर्स में किए गए निवेश के रिजल्ट मिलने में एक दशक यानी करीब 10 साल का समय लग सकता है। तब तक उन्हें हायरिंग रोकने, नए प्रोजेक्ट रोकने और लागत कम करने के लिए टीमों को पहचानने की जरूरत पड़ेगी।