कोर्ट ने Elon Musk को Twitter को खरीदने की डील पूरी करने के लिए 28 अक्टूबर तक का समय दिया है। अगर इस तारीख तक मस्क डील पूरी नहीं करते हैं तो कोर्ट इस मामले की सुनवाई शुरू कर देगा। कोर्ट ने कहा है कि इस बीच मस्क को ट्विटर को खरीदने के लिए 44 अरब डॉलर का इंतजाम कर लेना होगा। मस्क इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Tesla के सीईओ हैं।
Delaware Court की जज Chancellor Kathaleen St. Jude McCormick ने अपने आदेश में कहा है अगर मस्क 28 अक्टूबर तक इस डील को पूरा करने में नाकाम रहते हैं तो वह नवंबर में इस मामले की सुनवाई शुरू कर देंगी। दरअसल, मस्क ने कोर्ट से इस मामले की सुनवाई रोकने का अनुरोध किया था। माना जाता है कि इस मामले में ट्विटर के मुकाबले मस्क का पक्ष कमजोर था।
मस्क ने सोमवार को इस डील को पूरा करने में दिलचस्पी दिखाई थी। उन्होंने कहा था कि इसके लिए उन्हें पैसे जुटाने के लिए थोड़ा समय चाहिए। उनके अनुरोध पर कोर्ट ने उन्हें पैसे जुटाने के लिए 28 अक्टूबर तक का समय दे दिया है।
मस्क ने इस साल अप्रैल में ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने की पेशकश की थी। उन्होंने Twitter के हर शेयर के लिए 54 डॉलर की कीमत देने का ऑफर दिया था। फिर, उन्होंने ट्विटर पर कंपनी से जुड़ी जरूरी जानकारियां नहीं देने का आरोप लगाते हुए इस डील से पीछे हटने का ऐलान किया था।
मस्क की पहले से इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में 9 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी है। मस्क के डील नहीं करने के फैसले के बाद Twitter ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। तब से यह मामला Delaware Court में लंबित है।
कोर्ट के ताजा फैसले के बाद Twitter ने कहा है, "हम इस डील के 28 अक्टूबर तक प्रति शेयर 54.20 डॉलर की कीमत पर पूरा होने की उम्मीद है।" इससे पहले ट्विटर ने कोर्ट से इस डील को पूरा करने के मस्क के प्रस्ताव को खारिज करने की मांग की थी। ट्विटर का कहना था कि मस्क सिर्फ इस डील को लटकाने के लिए इस तरह का प्रस्ताव दे रहे हैं। मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं।