Get App

हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे की उनके घर में घुसकर हत्या, PM ने की पुष्टि

अंतरिम पीएम क्लॉड जोसेफ ने बताया कि मोइसे की पत्नी, प्रथम महिला मार्टिनी मोइसे अस्पताल में भर्ती हैं

MoneyControl Newsअपडेटेड Jul 07, 2021 पर 7:06 PM
हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे की उनके घर में घुसकर हत्या, PM ने की पुष्टि

हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे (Haiti President Jovenel Moise) के निजी आवास में कुछ अज्ञात लोगों के ग्रुप ने हमला कर उनकी हत्या कर दी। देश के अंतरिम प्रधानमंत्री ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी। अंतरिम पीएम क्लॉड जोसेफ ने बताया कि मोइसे की पत्नी, प्रथम महिला मार्टिनी मोइसे अस्पताल में भर्ती हैं।

जोसेफ ने इस घृणित, अमानवीय एवं नृशंस हरकत की निंदा की और कहा कि हैती की नेशनल पुलिस एवं अन्य अधिकारियों ने कैरेबियाई देश में स्थिति पर नियंत्रण बनाया हुआ है। मंगलवार देर रात यह हत्या देश में गहराते राजनीतिक एवं आर्थिक स्थिरता के संकट तथा गिरोह हिंसा बढ़ जाने के बीच हुई। 1.1 करोड़ से अधिक आबादी वाले देश में मोइसे के शासन में निरंतर अस्थिरता एवं गुस्सा बढ़ रहा था।

इसकी आर्थिक, राजनीतिक एवं सामाजिक समस्याएं बढ़ती जा रही थी जहां राजधानी पोर्ट ऑ प्रिंस में गिरोहों की हिंसा लगातार बढ़ रही थी, महंगाई थम नहीं रही थी और भोजन एवं ईंधन की ऐसे वक्त में कमी होती जा रही थी, जब देश की 60 प्रतिशत आबादी दो डॉलर प्रतिदिन से भी कम कमा रही थी। ये समस्याएं उसके सामने तब आ रही हैं जब हैती 2010 के विनाशकारी भूकंप और 2016 में आए तू‍फान मैथ्यू के असर से अब भी उबरने की कोशिश कर रहा है।
53 वर्षीय मोइसे देश में चुनाव न हो पाने और संसद भंग होने के कारण दो साल से ज्यादा वक्त से आदलती हुक्म के आधार पर शासन कर रहे थे। विपक्षी नेताओं ने उनपर अपनी ताकत बढ़ाने का आरोप लगाया था, जिसमें सरकारी अनुबंधों का ऑडिट करने वाली अदालतों की शक्ति को सीमित करना तथा ऐसी खुफिया एजेंसी बनाना शामिल था जो सिर्फ राष्ट्रपति के प्रति जवाबदेह थी। हाल के महीनों में विपक्षी नेताओं ने उनसे इस्तीफे की मांग की थी। उनका कहना था कि मोइसे का कार्यकाल कानूनी दृष्टि से 2021 में समाप्त हो गया।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें