Israel- Hamas War: हमास ने अमेरिकी मां-बेटी को किया रिहा, कतर ने की मध्यस्थता

Israel- Hamas War: इजराइल-हमास के बीच जंग जारी है। इस बीच आतंकी समूह हमास के उग्रवादियों ने अमेरिकी महिला और उसकी बेटी को रिहा कर दिया है। इजराइल सरकार ने यह जानकारी दी है। दोनों के पास इजराइल की नागरिकता है। हमास अभी भी करीब 200 लोगों को बंधक बनाए हुए है। यह रिहाई कतर की मध्यस्थता के बाद हुई है

अपडेटेड Oct 21, 2023 पर 10:21 AM
Israel- Hamas War: 59 साल की जूडिथ रैनन और उनकी 18 साल की बेटी नताली रैनन को हमास ने रिहा किया है।

Israel- Hamas War: इजराइल और हमास के बीच 14 दिनों से जंग जारी है। जंग के बीच हमास ने दो अमेरिकियों को रिहा कर दिया है। इसमें एक महिला और उसकी बेटी शामिल है। दो हफ्ते पहले यानी 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमले के बाद हमास ने दोनों को बंधक बना लिया था। हमास ने जिन अमेरिकी मां-बेटी को रिहा किया है। उनके पास इजराइल की भी नागरिकता है। ये दोनों अमेरिकी फिलहाल इजराइल में इजरायली अधिकारियों के पास सुरक्षित हैं। हमास ने कहा कि वह कतर सरकार के साथ एक समझौते के तहत उन्हें रिहा कर रहा है।

जिन मां बेटी की रिहाई हुई है। उनमें 59 साल की जूडिथ रैनन और उनकी 18 साल की बेटी नताली रैनन शामिल हैं। हमास के हमले के बाद से उनके परिवार के करीब 10 अन्य सदस्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इजराइल के पीएम बेंजमिन नेतन्याहू ने कहा कि जुडिथ ताई रानन और उनकी बेटी नताली शोशना रानन को आतंकवादी संगठन हमास ने छोड़ दिया है।


अमेरिकी राष्ट्रपति ने जताई खुशी

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी मां-बेटी के हमास के चंगुल से छूटने पर खुशी जताई और एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि इजराइल के खिलाफ भीषण आतंकवादी हमले के दौरान हमास की ओर से बंधक बनाए गए दो अमेरिकियों की रिहाई हमने सुनिश्चित कर ली है। हमारे साथी नागरिकों ने पिछले 14 दिनों में एक भयानक परीक्षा सहन की है और मुझे बहुत खुशी है कि वे जल्द ही अपने परिवार से मिलेंगे। यह अमेरिकी मां-बेटी पहली हैं, जिनकी हमास ने रिहा किया है। अब भी 200 से अधिक लोगों को हमास ने बंधक बनाकर रखा है।

ब्लिंकन ने कतर का किया शुक्रिया

वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि वह दो बंधकों के छूटने पर उनका स्वागत करते हैं। लेकिन अभी बच्चों और बुजुर्गों समेत कई और लोग बंधक हैं। उन्होंने कहा कि बाकी बंधक भी अपने प्रियजनों के पास वापस घर लौट सकें, इसके लिए पूरी अमेरिकी सरकार हर दिन हर मिनट काम करेगी। ब्लिंकन ने बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने में कतर सरकार के काम के लिए उसे धन्यवाद भी दिया है।

Gaganyaan Mission: 'गगनयान मिशन' की पहली टेस्ट फ्लाइट की लॉन्चिंग टली, जानिए वजह

इजराइल हमास जंग में 5500 लोगों की मौत

इजराइल-हमास जंग में दोनों पक्षों को मिलाकर 5500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इजराइल में 1400 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि गाजा में 3000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। वहीं, इस जंग में 12000 से ज्यादा फिलिस्तीनी घायल हुए हैं। इजराइल में भी 4800 से अधिक लोग जख्मी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।