Israel Hamas War: इजराइल रक्षा बलों (Israel Defense Force) का कहना है कि उसने रात भर गाजा पट्टी (Gaza Strip) में हमास (Hamas) के कई ठिकानों पर हमले किए। IDF का कहना है कि इन साइटों में आतंकवादी समूह से जुड़े कमांड सेंटर और अलग-अलग कई इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं। सेना का कहना है कि इसने कई एंटी टैंक मिसाइल लॉन्च साइट और ऊंची इमारतों में स्नाइपर ठिकानों पर भी हमला किया।
IDF ने ये भी बताया, रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने देर शाम गाजा की सीमा के पास आईडीएफ एसेंबली एरिया का दौरा किया और “अभियान के विस्तार के लिए बलों की तैयारी की बारीकी से निगरानी की।” गाजा की तरफ से भी हमास ने रॉकेटों की बौछार की।
एक बयान में कहा गया कि गैलेंट ने अलग-अलग यूनिट के कमांडरों और सैनिकों से बात की। पट्टी में इजराइल के संभावित जमीनी हमले से पहले गाजा सीमा के पास हजारों सैनिक जमा हो चुके हैं।
Times of Israel के मुताबिक, अधिकारियों ने कहा कि उसी समय, दक्षिणी तटीय शहर अश्कलोन में पट्टी से लॉन्च किए गए रॉकेटों ने काफी नुकसान पहुंचाया। फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू सर्विस ने कहा कि एक रॉकेट सीधे एक घर पर गिरा, जिससे नुकसान हुआ और दूसरे रॉकेट ने कई कारों को निशाना बनाया। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
आतंकवादियों ने स्देरोट, अशदोद और आसपास के कई शहरों पर भी रॉकेट हमले किए। सेडरोट नगर पालिका ने कहा कि दक्षिणी शहर में गिरे एक रॉकेट से एक सड़क और बस स्टॉप को नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
गाजा में 24 घंटों में 352 नागरिकों की मौत
दूसरी तरफ गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने शुक्रवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि इजरायली सेना ने पिछले 24 घंटों में गाजा पट्टी पर करीब 37 हमले किए, जिसमें 352 नागरिक मारे गए और 669 घायल हो गए।
बयान में कहा गया कि इजरायली हवाई हमलों ने मध्य गाजा में ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च को निशाना बनाया, जहां 16 नागरिक मारे गए और दर्जनों घायल हो गए। इस हमले में पूरे के पूरे ईसाई परिवार मारे गए, क्योंकि वे बमबारी से बचने के लिए चर्च में शरण लिए हुए थे।
मंत्रालयल के मुताबिक, गाजा पट्टी पर इजराइली हमलों में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 4,137 हो गई और 13,162 अन्य घायल हो गए। इजराइली हमले के शिकार 70% बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग हैं।