इजरायल के प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को ईरान के लोगों को एक नए संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इजरायल उनके साथ खड़ा है, क्योंकि उनकी सरकार उनका दमन कर रही है। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो मैसेज में नेतन्याहू ने कहा, "ईरान के लोगों को पता होना चाहिए कि इजरायल आपके साथ खड़ा है।"
उन्होंने कहा, "हर दिन, आप एक ऐसे शासन को देखते हैं, जो आपको अपने अधीन कर लेता है। लेबनान की रक्षा और गाजा की रक्षा के बारे में उग्र भाषण देता है और फिर भी हर दिन वो शासन हमारे इलाके को अंधेरे में, गंभीर युद्ध की ओर धखेल देता है।"
उन्होंने ईरानियों को यह चेतावनी भी दी कि मध्य पूर्व में ऐसी कोई जगह नहीं है, जहां इजरायल नहीं पहुंच सकता। इजरायल की सेना लेबनान में लगातार ईरान समर्थित हिजबुल्लाह पर हमले कर रहा है।
नेतन्याहू ने अंग्रेजी में जारी एक वीडियो बयान में कहा, "मध्य पूर्व में ऐसी कोई जगह नहीं है, जहां इजरायल नहीं पहुंच सकता है।"
उन्होंने ईरान के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि उनका "शासन हमारे इलाके को अंधेरे में और गहरे युद्ध में डुबो देता है।"
उन्होंने कहा, "जब ईरान आखिरकार आजाद होगा और वह क्षण लोगों की सोच से बहुत जल्दी आएगा, सब कुछ अलग होगा।"
मोदी और नेतन्याहू के बीच फोन पर हुई बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर बात की और इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद के लिए हमारी दुनिया में कोई जगह नहीं है।
मोदी ने कहा कि क्षेत्रीय तनाव को रोकना और सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।
मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम के बारे में प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बात की। आतंकवाद के लिए हमारी दुनिया में कोई जगह नहीं है। क्षेत्रीय तनाव को रोकना और सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के प्रयासों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।