रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हालत गंभीर है। उन्हें ब्लड कैंसर है। अमेरिकी मैग्जीन News Lines ने यह जानकारी दी है। इस मैग्जीन के मुताबिक, व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के करीबी को यह कहते हुए रिकॉर्ड किया गया है कि पुतिन को ब्लड कैंसर (Blood Cancer) है। वह काफी बीमार हैं।
मैग्जीन ने कहा है कि उसके पास बातचीत की रिकॉर्डिंग की कॉपी है। यह बातचीत मार्च की है, जो एक अमीर और एक वेंचर पूंजीपति के बीच की है। हालांकि, मैग्जीन ने कहा है कि इस शख्स के दावे को वेरिफाई नहीं किया जा सका है।
बिजनेसमैन ने रिकॉर्डिंग में कहा है कि रूसी सैनिकों को यूक्रेन पर आक्रमण करने का आदेश देने से कुछ समय पहले व्लादिमीर पुतिन की एक सर्जरी हुई थी। उन्हें रूसी और यूक्रेनी दोनों ही अर्थव्यवस्थाओं को "बर्बाद" करने के लिए पुतिन की आलोचना करते हुए भी सुना गया। उन्होंने कथित तौर पर कहा, "समस्या उसके दिमाग में है। एक पागल आदमी पूरी दुनिया को उल्टा कर सकता है।"
इस रिकॉर्डिंग में पुतिन से गहरा असंतोष जताते हुए, बिजनेसमैन ने कहा है, "हम सभी आशा करते हैं कि वह मर जाए।" रूस-यूक्रेन युद्ध की शुरुआत के बाद से ही पुतिन के अस्वस्थ होने की खबरे आती रही हैं। 9 मई को, रूस की विक्ट्री परेड के दिन पुतिन को खुद को एक कंबल से ढंके हुए देखा गया था।
बैठकों के दौरान पुतिन एक लंबी सी मेज पर दूसरे नेताओं से एकदम दूर बैठते हैं। इस घटना ने भी पुतिन के बिगड़ते स्वास्थ्य के बारे में अटकलों को हवा दी है। मगर क्रेमलिन कहता रहा है कि रूसी नेता ठीक हैं। वो इस टेबल का इस्तेमाल सिर्फ कोरोनावायरस से जुड़े एहतियात के लिए करते हैं।
यूक्रेन पर आक्रमण का आदेश देने के लिए पुतिन को अंतरराष्ट्रीय निंदा का सामना करना पड़ रहा है। 24 फरवरी से अब तक रूस के हमलों में हजारों नागरिक मारे जा चुके हैं। 61 लाख से ज्यादा यूक्रेनी नागरिक देश छोड़ कर भाग गए हैं।