Bangladesh Crisis: मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार 8 अगस्त को लेगी शपथ

Bangladesh News: शेख हसीना के शासनकाल के दौरान गबन के आरोप में उत्पीड़न का सामना करने वाले नोबेल पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस का जीवन पूरी तरह से बदल गया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने संसद भंग करके 84 साल अर्थशास्त्री यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त कर दिया है

अपडेटेड Aug 07, 2024 पर 7:35 PM
Story continues below Advertisement
Bangladesh News: शेख हसीना के देश छोड़कर जाने के बाद अब यूनुस बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रमुख बनेंगे

Bangladesh Interim Government: नोबेल पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार गुरुवार 8 अगस्त को शपथ लेगी। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां ने बुधवार (7 अगस्त) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि अंतरिम सरकार गुरुवार को रात 8 बजे शपथ ले सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि सलाहकार परिषद में 15 सदस्य हो सकते हैं। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने मंगलवार को 84 साल के अर्थशास्त्री यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया था। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री शेख हसीना नौकरियों में आरक्षण से संबंधित विवाद को लेकर हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद पद से इस्तीफा देकर देश छोड़कर भारत चली आई थीं।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख नियुक्त किए गए मोहम्मद यूनुस ने सभी से शांति कायम करने और हर प्रकार की हिंसा से बचने की अपील की। यूनुस ने कहा, "आइए इस नई जीत का सर्वोत्तम उपयोग करें। हम अपनी किसी गलती की वजह से इस जीत को व्यर्थ न जाने दें।" पेशे से अर्थशास्त्री यूनुस के प्रभार संभालने के लिए पेरिस से स्वदेश लौटने की संभावना है। उन्होंने कहा, "मैं वर्तमान परिस्थिति में सभी से शांति बरतने और सभी तरह की हिंसा और नुकसान से बचने की अपील करता हूं।"

इससे पहले बांग्लादेश में छात्रों ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन वालंटियर के रूप में ट्रैफिक मैनेजमेंट किया। वहीं, एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य से धीरे-धीरे ड्यूटी पर लौटने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बहाल करने का आह्वान किया।


स्थानीय मीडिया में आई खबरों के अनुसार, सोमवार को शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बांग्लादेश में अराजकता चरम पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने या ट्रैफिक का प्रबंधन करने के लिए पुलिसकर्मी उपलब्ध नहीं हैं।

खालिदा जिया की रिहाई के बाद पहला संबोधन

अपनी कट्टर प्रतिद्वंद्वी हसीना के सत्ता से बेदखल होने के बाद जेल से रिहा हुईं पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया ने ढाका में अपनी पार्टी की एक विशाल रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने देश के पुनर्निर्माण के लिए शांति की अपील की। 79 साल की जिया को हसीना के शासनकाल में 2018 में भ्रष्टाचार के आरोप में 17 साल जेल की सजा सुनाई गई थी।

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की प्रमुख जिया ने अपने संबोधन में कहा, "मुझे अब रिहा कर दिया गया है। मैं उन बहादुर लोगों को धन्यवाद देना चाहती हूं जो असंभव को संभव बनाने के लिए 'करो या मरो' के संघर्ष में थे।" उन्होंने कहा, "यह जीत हमारे लिए लूट, भ्रष्टाचार और बीमार राजनीति से पार पाने की नयी संभावना लेकर आई है। हमें इस देश को एक समृद्ध देश बनाने की जरूरत है।"

जिया ने कहा, "कोई विनाश नहीं, कोई आक्रोश नहीं और कोई प्रतिशोध नहीं, हमें अपने देश के पुनर्निर्माण के लिए प्रेम एवं शांति की जरूरत है।" अक्टूबर 2020 में नियुक्त हुए अटॉर्नी जनरल अबू मोहम्मद अमीनुद्दीन ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया।

अब तक 469 लोगों की मौत

कारोबारी प्रतिष्ठानों ने पिछले दो दिन में फैक्टरियों में आगजनी की घटनाओं के बीच बुधवार को कानून एवं व्यवस्था तुरंत बहाल करने की मांग की, ताकि उनकी उत्पादन इकाइयों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

मंगलवार को देश के कई हिस्सों से हसीना की आवामी लीग पार्टी के कम से कम 29 समर्थकों के शव बरामद हुए, जिससे सरकारी नौकरियों में आरक्षण व्यवस्था को लेकर जुलाई में शुरू हुए प्रदर्शन के हिंसक होने से अब तक मारे गए लागों की संख्या बढ़कर 469 हो गई है।

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में हिंसा के कारण अटकी दिल्ली के करोलबाग, कश्मीरी गेट ट्रेडर्स की सांसें! फंस गए 3000 करोड़ रुपये

मीडिया में आई खबरों में मंगलवार को अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के ज्यादा मामले सामने आने की बात कही गई। सोमवार को लोकप्रिय लोक बैंड 'जोलर गान' के प्रमुख राहुल आनंद के आवास पर बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की गई, जिससे गायक और उनके परिवार को एक गुप्त स्थान पर शरण लेनी पड़ी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।