कोरोना (Covid-19) मामलों में उछाल के बीच चीन (China) ने लगातार दूसरे दिन इस वायरस से शून्य मौत का दावा किया है। हालांकि अब एक एक्सपर्ट ने चीन के अस्पताओं से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो के जरिए उसके इस दावे की पोल खोल दी है। महामारी विशेषज्ञ और हेल्थ इकोनॉमिस्ट, एरिक फीजल-डिंग (Eric Feigl-Ding) ने दावा किया कि बीजिंग के एक बड़े अस्पताल में मरीजों के शव से भरे बॉडी बैग की लाइन लगी हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड नहीं बचे हैं और ऑक्सीजन टैंक के साथ-साथ खून में कमी और फीवर से जुड़ी दवाइयों की भी किल्लत है। एरिक की मानें तो चीन में इस समय कोरोना वायरस के सबसे अधिक शिकार बुजुर्ग लोग हो रहे हैं।
एरिक फीजल-डिंग ने ट्विटर पर किए कई सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, "अस्पातलों के मुर्दाघरों में बाहर तक शव रखे हुए हैं। बुखार के दवाओं की किल्लत है। ऑक्सीजन टैंक खाली है। अस्पतालों में भारी भीड़ है। खून की किल्लत है। बुजुर्गों में मौत की संख्या बढ़ रही है। यहां तक कि बीजिंग के बड़े अस्पतालों में भी शवों से भरे कई बॉडी बैग देखे जा रही है। कोरोना की स्थिति बिगड़ती जा रही है। हालांकि अभी भी आधिकारिक रूप से शून्य मौत है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं पूरे चीन के कुछ सबसे अस्पताल बीजिंग में है। उसके बावजूद इन बड़े अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन टैंक खत्म हो गए हैं। यह हैरान करने वाली बात है कि आईसीयू में आने के 15 मिनट के अंदर ही एक मरीज की मौत हो गई।"
एरिक फीजल-डिंग ने एक फोटो पोस्ट करते हुए कहा, "अगर आप शवों से भरे बॉडीबैग को गिनते हैं तो आपको यहीं करीब 35 बॉडी बैग मिल जाएंगे। अन्य रिपोर्टों में इससे भी खराब स्थिति बताई गई है। कुछ इंटरव्यू में अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि ये सभी कोविड से हुई मौते हैं।"
उन्होंने कहा, "चीनी सरकार के खुद के मुख्य महामारी एक्सपर्ट का कहना है कि सबसे बुरा दौर अभी आना बाकी है। श्मशान घाट भी ओवरलोड हैं।"
एरिक के ट्वीट को आप नीचे देख सकते हैं-
एरिक फीजल-डिंग ने हाल ही में अनुमान लगाया था कि अगले 3 महीनों में चीन की 60% और पूरी दुनिया की 10% आबादी कोरोना वायरस से संक्रमित हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घातक महामारी से मौतों की संख्या भी करीब 10 लाख पहुंच सकती है। चीन ने अक्सर जीरो मौत की सूचना दी है, लेकिन महामारी विशेषज्ञ के मुताबिक, बीजिंग के श्मशान घाट पर लगातार शव पहुंच रहे हैं और मुर्दाघरों में शवों को रखने की जगह नहीं है।