Pakistan: 4 साल के बाद पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ स्वेदश आ गए हैं। पाकिस्तान लौटने के कुछ घंटों बाद, पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने याद किया कि कैसे उन्होंने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के 5 अरब अमेरिकी डॉलर के ऑफर को ठुकरा दिया था और 1998 में परमाणु परीक्षण कर भारत के परमाणु परीक्षण का करारा जवाब दिया था। शरीफ जनवरी में संभावित आम चुनाव को देखते हुए फिर से सत्ता में वापसी की कोशिश में जुट गए हैं।
नवाज शरीफ 4 साल तक ब्रिटेन में रहने के बाद विशेष विमान से दुबई से स्वदेश लौट आए। इसके बाद वह एक विशाल रैली को संबोधित करने के लिए अपनी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) का गढ़ माने जाने वाले लाहौर पहुंचे।
अमेरिका ने किया था 5 अरब डॉलर का ऑफर
शरीफ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज कई साल बाद आपसे मिल रहा हूं। आपसे मेरा प्यार का रिश्ता वैसा ही है। इस रिश्ते में कोई अंतर नहीं आया है। आपकी नजरों में जो प्यार देख रहा हूं, मुझे उस पर गर्व है। शरीफ ने 1998 में कई देशों की सरकारों के भारी दबाव को याद किया, जब पाकिस्तान भारत के परमाणु परीक्षण का जवाब देना चाहता था। शरीफ ने कहा कि विदेश कार्यालय में रिकॉर्ड मौजूद होगा कि क्लिंटन ने मुझे 5 अरब अमेरिकी डॉलर का ऑफर दिया था। यह 1999 में हुआ था...मुझे एक अरब डॉलर की पेशकश भी की जा सकती थी, लेकिन मैं पाकिस्तान की जमीन पर पैदा हुआ हूं और उसने मुझे पाकिस्तान के हक में जो भी है। उसे स्वीकार करने की अनुमति नहीं दी।
नवाज शरीफ ने इमरान खान पर किया कटाक्ष
शरीफ ने पूर्व पीएम इमरान खान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुझे बताइए, अगर मेरी जगह कोई और होता, तो वह अमेरिका के राष्ट्रपति के सामने क्या यह बात कह सकता था?
कभी अपने समर्थकों को धोखा नहीं दिया
शरीफ ने कहा कि उन्होंने कभी अपने समर्थकों को धोखा नहीं दिया। न ही किसी तरह की कुर्बानी देने से पीछे हटे हैं। उन्होंने याद किया कि कैसे उनके, उनकी बेटी (मरयम) और उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ फर्जी मामले बनाए गए थे। लेकिन किसी ने भी पीएमएल-एन का झंडा नहीं छोड़ा।