प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi in Sydney) ऑस्ट्रेलिया के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण के तहत सोमवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। पीएम मोदी ऑस्ट्रेलियाई सरकार के मेहमान के तौर पर 22 से 24 मई तक ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर हैं। पीएम मोदी 24 मई को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज (Anthony Albanese) के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा है कि वह 24 मई को अल्बनीज के साथ अपनी बैठक को लेकर उत्सुक हैं। साथ ही वह सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। मंगलवार को पीएम मोदी ने शीर्ष ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के प्रमुखों से मुलाकात की।
आज 20 हजार से अधिक लोगों को करेंगे संबोधित
सिडनी ओलंपिक पार्क के कुडोस एरेना 20,000 से ज्यादा प्रवासी भारतीय से खचाखच भरा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी का आज भाषण सुनने के लिए वहां प्रवासी भारतीय पहुंचे हुए हैं और उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मंगलवार का दिन हालांकि वहां रहने वाले लगभग 8 लाख भारतीय प्रवासियों के लिए सामान्य कार्य दिवस है, लेकिन उनमें से लगभग 21 हजार लोग कुडोस बैंक एरिना स्टेडियम में प्रधानमंत्री मोदी के भव्य स्वागत समारोह में शामिल होने और उन्हें सुनने के लिए आज छुट्टी करने का फैसला किया है।
इस भव्य कार्यक्रम के लिए गाड़ियों और प्राइवेट चार्टर से लोगों को सिडनी लाया जा रहा है, जिसे 'मोदी एयरवेज' और 'मोदी एक्सप्रेस' नाम दिया गया है। इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज भी शामिल होंगे। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने एक बयान में कहा कि यात्रा के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्री सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के गतिशील भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। ऑस्ट्रेलिया में पीएम मोदी की मौजूदगी में हैरिस पार्क के इलाके का नाम बदलकर 'लिटिल इंडिया' किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलियाई CEOs से मिले PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को सिडनी में प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के CEOs से मुलाकात की। पीएम मोदी ने उन्हें भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले सिडनी में फोर्टेस्क्यू फ्यूचर इंडस्ट्रीज के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ एंड्रयू फॉरेस्ट से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलियन सुपर के CEO पॉल श्रोडर से मुलाकात की। इसके अलावा पीएम मोदी ने सिडनी में हैनकॉक प्रॉस्पेक्टिंग की कार्यकारी अध्यक्ष गीना राइनहार्ट के साथ बातचीत की।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद फोर्टेस्क्यू फ्यूचर इंडस्ट्रीज के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ एंड्रयू फॉरेस्ट ने कहा कि जीवाश्म ईंधन क्षेत्र के पास सीमित समय है और इसे ऐसे ईंधन से बदला जाना चाहिए जो किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाता हो और वह सब कुछ कर सकता है जो गैस कर सकते हैं। यह कुछ ऐसा है जिस पर प्रधानमंत्री स्पष्ट रूप से एक वैश्विक चैंपियन हैं।
वहीं, PM मोदी के साथ मुलाकात के बाद ऑस्ट्रेलियनसुपर के CEO पॉल श्रोडर ने कहा कि हमारी मुलाकात सबसे प्रभावशाली रही। प्रधानमंत्री बहुत प्रभावशाली व्यक्ति हैं जो व्यापार को समझते हैं जो बहुत उत्साहजनक भी है। प्रधानमंत्री ने भारत के लिए अपने सपनों और अपनी नैतिकता के बारे में बात की जो वास्तव में एक शक्तिशाली संदेश था। ऑस्ट्रेलियनसुपर भारत में निवेश करता है...और हमें भारत में निवेश करने का बहुत अच्छा अनुभव रहा है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद हैनकॉक प्रॉस्पेक्टिंग की कार्यकारी अध्यक्ष गीना राइनहार्ट ने कहा कि यह बहुत ही रोचक था, यह वास्तव में रोमांचक था...मोदी के नेतृत्व में पिछले 5 वर्षों से भी कम समय में आपकी (भारत) अर्थव्यवस्था 3.5 ट्रिलियन (USD) हो गई है और अगले 25 वर्षों में 32 ट्रिलियन (USD) तक बढ़ने की उम्मीद है। भविष्य में विकास बहुत बड़ा होने वाला है। ऑस्ट्रेलिया को भारत के साथ अपने संबंधों को विकसित करने के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत करने की जरूरत है।