नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) और बुच विलमोर (Butch Wilmore) भारी दिक्कतों से जूझ रहे हैं। उनकी वापसी के विमान बोईंग के स्टारलाइनर में गंभीर खामियां आ गई हैं जिसके चलते उन्हें इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर लंबा समय बिताना पड़ रहा है। पहले उन्हें यहां से जाने यानी 5 जून 2024 के एक ही हफ्ते के भीतर वापसी का सफर तय करना था। हालांकि अब उन्हें आईएसएस पर आठ महीने से अधिक समय बिताना पड़ सकता है। हालांकि उनकी वापसी के लिए नासा (NASA) अब एलॉन मस्क (Elon Musk) की स्पेसएक्स (SpaceX) से संपर्क करने पर विचार कर रही है। स्पेसएक्स बोइंग की प्रतिद्वंद्वी है। परेशान करने वाली बात ये है कि उनके वापसी विमान के रास्ते में बदलाव हो जाता है, तो उनके पास 96 घंटे की ही ऑक्सीजन सप्लाई रह जाएगी।
पहली बार बोईंग के इंसानी अंतरिक्ष विमान का होगा रेस्क्यू ऑपरेशन?
सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को वापस लाने के लिए नासा क्रू ड्रैगन कैप्सूल के जरिए स्पेसएक्स रेस्क्यू मिशन पर विचार कर रही है। ऐसा होता है तो यह बोईंग के इंसानी अंतरिक्ष विमान का पहला रेस्क्यू ऑपरेशन होगा जिसके बारे में पहले से कुछ तय नहीं था। नासा के स्पेस ऑपरेशंस मिशन डायरेक्टोरेट के एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर केन बॉवरसॉक्स ने बुधवार को कहा कि अभी थ्रस्टर डेटा को एनालाइज किया जा रहा है और इस महीने अगस्त के आखिरी तक फैसला हो जाएगा कि स्टारलाइनर का उपयोग किया जाए या बोइंग के प्रतिद्वंद्वी स्पेसएक्स का। उन्होंने आगे कहा कि असली दिक्कत प्रपल्सन सिस्टम के साथ है और सबसे बड़ी चिंता डियोरबिट बर्न में है।
स्टारलाइनर सही रास्ते पर नहीं आया, तो क्या होगा?
अभी बोईंग के स्टारलाइनर को फिर से रास्ते पर लाने की बात हो रही है लेकिन अमेरिकी मिलिट्री स्पेस सिस्टम्स के पूर्व कमांडर रूडी रिडोल्फी ने बताया कि अगर इसमें कोई दिक्कत आती है तो क्या खतरे हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि अगर थ्रस्टर में खामी आती है तो यह अंतरिक्ष में फंस सकता है और इसके चलते अंतरिक्षयात्रियों के पास सिर्फ 96 घंटे की ऑक्सीजन बची रहेगी। जब तक इसके रास्ता सीधा नहीं होता है, यह अनिश्चितकाल के लिए अंतरिक्ष में रह सकता है क्योंकि यह सही तरीके से उतर नहीं सकेगा। वहीं अगर एकाएक सही रास्ते पर लाने की कोशिश की जाए तो स्टारलाइनर का हीट शील्ड फेल हो सकता है और अंतरिक्ष यान अत्यधिक गर्मी और घर्षण के कारण जल सकता है, जिससे अंतरिक्ष यात्रियों के जीवन को खतरा हो सकता है।
SpaceX का विमान जाता है तो फरवरी तक धरती पर लौटेंगी सुनीता विलियम्स
नासा पर अंतरिक्षयात्रियों की कुशल वापसी को लेकर फैसला करने का बहुत दबाव है। नासा स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के इस्तेमाल करने के विकल्प पर बात कर रही है। इस पर बात बनी तो यह सितंबर 2024 तक लॉन्च हो सकता है। अगर स्पेसएक्स अपना क्रू-9 मिशन लॉन्च करती है तो सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को यह फरवरी 2025 में धरती पर लेकर लौट सकता है। बता दें कि इस मिशन के पहले बुच विलमोर ने 178 दिन अंतरिक्ष में बिताए थे और सुनीता विलियम्स ने 322 दिन।
अगर बुच विलमोर और सुनीता विलियम्स स्पेसएक्स के साथ वापस आते हैं, तो यह बोइंग के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका होगा। 2011 में स्पेश शटल प्रोग्राम बंद होने के बाद बोइंग और स्पेसएक्स दोनों को करीब 10 साल पहले वर्ष 2014 में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी को आईएसएस की यात्रा के लिए कई अरब डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट दिए गए थे। इससे पहले तीन साल तक अमेरिका को अपने क्रू को ले जाने के लिए रूस के Soyuz रॉकेट पर निर्भर रहना पड़ता था। स्पेसएक्स ने वर्ष 2020 में अपने उड़ान में सफलता हासिल की और तब से यह दर्जनों अंतरिक्ष यात्रियों को ले जा चुका है।