यूएस में कर्मचारियों और ट्रंप प्रशासन में आई टकराव की नौबत! मस्क बने वजह, जानें क्या है मामला

मस्क के नेतृत्व वाले DOGE (सरकारी दक्षता विभाग) ने यहां तक कि कर्मचारियों को सरकारी गाड़ियों के ईंधन के लिए क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने से भी रोक दिया है। एक कर्मचारी ने निराशा जताते हुए कहा, "अब कोई उम्मीद नहीं बची है

अपडेटेड Mar 08, 2025 पर 10:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यूएस में कर्मचारियों और ट्रम्प प्रशासन में क्यों आई टकराव की नौबत!

अमेरिका की संघीय सरकार के खर्चों में कटौती के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) का गठन किया है। इसका जिम्मा अरबपति एलन मस्क को सौंपा है। इस अभियान के तहत हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जा रहा है। वहीं अमेरिकी संघीय कर्मचारी, डेमोक्रेटिक सांसद और कुछ रिपब्लिकन इस बात पर संदेह जता रहे हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क के सरकारी फैसलों पर प्रभाव को वाकई कम किया है।

हाल ही में कैबिनेट बैठक में ट्रंप ने अपने मंत्रियों से कहा कि, सरकारी कर्मचारियों की नियुक्ति और छंटनी का फैसला वे खुद करेंगे, न कि मस्क। यह बयान मस्क के उस बयान से अलग था, जिसमें वह सरकारी कर्मचारियों की संख्या कम करने की वकालत कर रहे थे।

ट्रंप के आदेश के बाद भी स्थिति जस की तस


हालांकि, संघीय एजेंसियों में ज्यादा बदलाव नहीं दिख रहा है। कई सरकारी कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें अपने वरिष्ठ अधिकारियों या यूनियनों से कोई नया निर्देश नहीं मिला है। श्रम विभाग के कर्मचारी डेविड कैसरली ने कहा, "जब मैं बदलाव देखूंगा, तभी विश्वास करूंगा।" ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से एलन मस्क को सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) का "प्रमुख" बताया था, जिससे प्रशासन पर कानूनी दबाव बढ़ गया। अब कुछ लोग मान रहे हैं कि ट्रंप का नया बयान केवल इस विवाद को शांत करने के लिए दिया गया एक प्रयास (डैमेज कंट्रोल) है। लेकिन कर्मचारियों को अभी भी संदेह है कि मस्क का असर कम हुआ है या नहीं।

सरकारी फैसलों में मस्क के प्रभाव पर विवाद जारी

एलॉन मस्क का सरकारी पुनर्गठन में बढ़ता प्रभाव संघीय कर्मचारियों और सांसदों के बीच बहस का मुद्दा बन गया है। खासतौर पर परमाणु सुरक्षा कर्मचारियों और बर्ड फ्लू प्रतिक्रिया टीमों जैसी अहम सेवाओं में बड़े पैमाने पर छंटनी के कारण इसका विरोध हो रहा है। अमेरिकी वेटरन्स अफेयर्स विभाग भी भारी संख्या में कर्मचारियों को निकालने की खबरों पर आलोचना झेल रहा है, जिससे आशंका है कि आगे हजारों और कर्मचारियों की नौकरी खतरे में पड़ सकती है। कृषि विभाग में फंडिंग रोके जाने से कई जरूरी काम रुक गए हैं, जैसे कि किसानों को कर्ज और लागत वापसी की सुविधा। मस्क के नेतृत्व वाले DOGE (सरकारी दक्षता विभाग) ने यहां तक कि कर्मचारियों को सरकारी गाड़ियों के ईंधन के लिए क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने से भी रोक दिया है। एक कर्मचारी ने निराशा जताते हुए कहा, "अब कोई उम्मीद नहीं बची है।"

ट्रंप ने दिया था ये बयान 

हाल ही में ट्रंप ने कहा था कि अब सरकारी कटौती "हथौड़े" की बजाय "नाजुक तरीके" से की जाएगी, लेकिन कुछ ही समय बाद उन्होंने खुद इसका खंडन कर दिया। पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि यदि विभाग प्रमुख जरूरी कटौती नहीं कर पाए, तो मस्क अब भी खुद छंटनी का फैसला ले सकते हैं। ट्रंप ने कहा, "एलन और उनकी टीम इस पर नजर रखेगी। अगर कटौती हो सकती है, तो यह अच्छा है। लेकिन अगर नहीं हुई, तो एलन खुद इसे करेंगे।"

कैपिटल हिल में डेमोक्रेट्स इस बदलाव को लेकर सतर्क हैं, लेकिन देखना चाहते हैं कि ट्रंप मस्क की भूमिका को सच में कम करते हैं या नहीं। डेमोक्रेटिक सीनेटर ब्रायन शेट्ज़ ने कहा, "अगर यह सच हुआ, तो यह देश और लोकतंत्र के लिए अच्छी खबर होगी। लेकिन हमें कुछ दिन इंतजार करना होगा कि बदलाव वास्तव में हुआ या नहीं।" वहीं, हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने बदलाव को सही माना, लेकिन ज्यादा जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने कुछ कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखने की बात कही है, खासतौर पर वेटरन्स अफेयर्स विभाग में। हालांकि, यह देखने की जरूरत होगी कि क्या प्रशासन सच में अपनी नीति बदलता है या नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।