अमेरिका के एरिजोना में एक विमान हादसे की खबर सामने आई है। हादसे में 2 प्लेन आपस में टकरा गए हैं। यह घटना एरिजोना के स्कॉट्सडेल एयरपोर्ट पर हुई है। विमानों के आपस में टकराने से फ्लाइट में मौजूद 1 व्यक्ति की मौत हो गई है। कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। फेडरल एविएशन अथॉरिटी (FAA) के मुताबिक एक प्राइवेट जेट रनवे से उतरने के बाद दूसरे प्राइवेट जेट से टकरा गया था। हादसे के बाद रनवे को बंद कर दिया गया है। पिछले 12 दिनों मे यह चौथा प्लेन हादसा है।
स्कॉट्सडेल एयरपोर्ट पर विमानन योजना और आउटरीच कोऑर्डिनेटर केली कुएस्टर के मुताबिक, लैडिंग के दौरान एक जेट रनवे से उतर गया और पार्क किए गए गल्फस्ट्रीम 200 जेट से टकरा गया। शुरुआती जांच में आंशका जताई जा रही है कि आने वाले जेट का लैंडिंग गियर काम नहीं कर रहा होगा। इस वजह से यह टक्कर हुई। जेट ऑस्टिन (टेक्सास) से आया था।
घायलों का अस्पताल में चल रहा है इलाज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस विमान ने टक्कर मारी, उसमें चार लोग सवार थे। पार्क किए गए प्लेन में एक शख्स सवार था। स्कॉट्सडेल फायर डिपार्टमेंट के कैप्टन डेव फोलियो ने बताया कि टक्कर में घायल हुए दो लोगों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। एक की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि वे टक्कर में मारे गए व्यक्ति का शव बरामद कर लिया है। इससे पहले अमेरिका के अलास्का से नोम शहर जा रहा एक विमान अचानक लापता हो गया था। जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई और अब विमान का मलबा समुद्री बर्फ पर मिला है। विमान समुद्री बर्फ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई थी।
पिछले दो हफ्तों में तीन बड़े विमान हादसे
स्कॉट्सडेल की टक्कर ऐसे समय हुई, जब अमेरिका में पिछले दो हफ्तों में तीन बड़े विमान हादसे हो चुके हैं। 29 जनवरी को देश की राजधानी के पास एक वाणिज्यिक जेटलाइनर और एक सेना के हेलीकॉप्टर में टक्कर हुई थी। जिसमें 67 लोग मारे गए थे। इसके बाद 31 जनवरी को फिलाडेल्फिया में एक चिकित्सा परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जिसमें सवार छह लोग और जमीन पर एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई थी।