चीन के रेस्टोरेंट में भीषण विस्फोट में 31 लोगों की दर्दनाक मौत, गैस लीक होने से हुआ ब्लास्ट

चीन के सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ (Xinhua) के अनुसार, निंग्जिया हुई स्वायत्त क्षेत्र की राजधानी यिनचुआन में बुधवार को एक व्यस्त सड़क पर लोग ड्रैगन बोट फेस्टिवल की छुट्टियों की पूर्व संध्या पर इकट्ठा हुए थे। इस त्योहार पर राष्ट्रीय अवकाश रहता है। तभी रात करीब 8 बजकर 40 मिनट पर विस्फोट होने से वहां हड़कंप मच गया

अपडेटेड Jun 22, 2023 पर 3:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Yinchuan Fire: रेस्तरां से भयंकर धुआं निकलते हुए देखा गया। देखते ही देखते रसोई गैस की तेज गंध पूरे क्षेत्र में फैल गई

Yinchuan Blast: उत्तर-पश्चिमी चीन में एक बारबेक्यू रेस्तरां (Barbecue restaurant in northwestern China) के रसोई गैस में हुए भीषण विस्फोट में 31 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य लोग घायल हुए हैं। चीन के सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ (Xinhua) के अनुसार, निंग्जिया हुई स्वायत्त क्षेत्र की राजधानी यिनचुआन में बुधवार को एक व्यस्त सड़क पर लोग ड्रैगन बोट फेस्टिवल की छुट्टियों की पूर्व संध्या पर इकट्ठा हुए थे। इस त्योहार पर राष्ट्रीय अवकाश रहता है। तभी रात करीब 8 बजकर 40 मिनट पर विस्फोट होने से वहां हड़कंप मच गया।

ऑनलाइन समाचार साइट ‘द पेपर’ ने चेन नामक महिला के हवाले से बताया कि जब उसने विस्फोट की आवाज सुनी तो वह रेस्तरां से करीब 50 मीटर की दूरी पर थी। महिला ने बताया कि इसके बाद उसने दो कर्मचारियों (वेटर) को रेस्तरां से बाहर निकलते देखा जिनमें से एक गिर गया। रेस्तरां से धुआं निकल रहा था और रसोई गैस की तेज गंध पूरे क्षेत्र में फैल गई।

केंद्र सरकार के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया पर रेस्तरां में खोज तथा बचाव कार्य गुरुवार सुबह पूरा होने की जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि विस्फोट के कारण का पता लगाने के लिए जांच अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है।


सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (CPC) की निंग्जिया हुई स्वायत्त क्षेत्रीय समिति ने कहा कि विस्फोट में 38 लोग हताहत हुए जिसमें 31 को मृत घोषित कर दिया गया और सात का इलाज किया जा रहा है जिसमें एक की स्थिति गंभीर है।

उन्होंने बताया कि विस्फोट ड्रैगन बोट फेस्टिवल की छुट्टियों की पूर्व संध्या पर हुआ जब लोग इस दो दिवसीय छुट्टी के अवसर पर इकट्ठा हुए थे। इस त्योहार पर राष्ट्रीय अवकाश रहता है। विस्फोट में आसपास की इमारतों को भी भारी नुकसान हुआ है।

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने गुरुवार को यिनचुआन के बारबेक्यू रेस्तरां में हुए विस्फोट में घायल हुए लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने और इलाज एवं राहत प्रदान करने का आह्वान किया। निंग्जिया हुई स्वायत्त क्षेत्र में चीन के हुई समुदाय की मुसलिम आबादी रहती है।

ये भी पढ़ें- Assam Floods: असम में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से हाहाकार, 780 गांव जलमग्न, 1.2 लाख लोग प्रभावित

'शिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय बचाव दल ने 102 लोगों और 20 वाहनों को घटनास्थल पर भेजा और बचाव अभियान गुरुवार तड़के समाप्त हो गया। चीन में लगभग दो करोड़ मुस्लिम हैं जो ज्यादातर उइगर समुदाय के हैं। उइगर तुर्क मूल का एक जातीय समूह है और हुई मुस्लिम चीनी जातीय मूल के हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।