7th Pay Commission: केंद्र सरकार के कर्मचारियों को जुलाई के महीने में बड़ी खबर मिल सकती है। सरकार जुलाई में एक बार फिर महंगाई भत्ते (Dearness Allowance – DA) में 4 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो सरकार जुलाई में महंगाई भत्ते में इस साल की दूसरी बढ़ोतरी कर सकती है। अभी सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 42 फीसदी है। केंद्र सरकार इसमें 4 फीसदी की बढ़ोतरी करती है तो ये बढ़कर 46 फीसदी हो जाएगा। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के सरकारी कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम सालना 8,640 रुपये की बढ़ोतरी होगी।
साल में दूसरी बार जुलाई में बढ़ेगी सैलरी
ऐसी उम्मीद है कि केंद्र सरकार एक बार फिर 4 फीसदी का महंगाई भत्ता 1 जुलाई से बढ़ा सकती है। अगर ऐसा होता है केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 42 फीसदी से बढ़कर 46 फीसदी हो जाएगा। ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) की ओर से जारी रिपोर्ट से भी यही नतीजे निकल करहे हैं कि मोदी सरकार जुलाई महीने में एक बार फिर महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है। AICPI इंडेक्स के आधार पर ही कर्मचारियों का महंगाई भत्ता कैलकुलेट किया जाता है।
न्यूनतम 8,640 रुपये बढ़ेगी सैलरी
आपको बता दें कि अगर किसी कर्मचारी का मूल वेतन 18,000 रुपये है तो उसके वेतन में हर महीने 720 रुपये बढ़कर आएंगे। यानी, कर्मचारियों के वेतन में सालाना 8640 रुपये बढ़कर मिलेगा। दूसरी ओर यदि कर्मचारियों का बेसिक 56900 रुपये महीना हुआ, तो जुलाई में डीए 4 फीसदी बढ़ने पर सैलरी में 2,276 रुपये महीने की बढ़ोतरी होगी। यानी सालाना आधार पर 27,312 रुपये बढ़ जाएंगे।
सरकार साल में 2 बार बढ़ाती है डीए
बीते साल कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता 34 फीसदी था, तब सरकार ने पहली बार डीए में 4 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। उसके बाद कर्मचारियों को मिलने वाले डीए को बढ़ाकर 38 फीसदी कर दिया गया। इस साल मार्च में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 फीसदी बढ़ाया गया, जो बढ़कर 42 फीसदी हो गया। ये बढ़ोतरी 1 जनवरी से लागू मानी गई। अब एक बार फिर जुलाई में डीए 46 फीसदी करने की उम्मीद है। केंद्र सरकार सरकारी कर्मचारियों का वेतन साल में 2 बार जनवरी और जुलाई में बढ़ाती है।