7th Pay Commission DA Hike 2023: देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को जल्द अच्छी खबर मिलने वाली है। दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को नवंबर की सैलरी में महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का फायदा मिल सकता है। केंद्र की मोदी सरकार नवरात्रि से पहले कर्मचारियों-पेंशनर्स के डीए (Dearness Allowance - DA) और डीआर (Dearness Relief - DR) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। सरकार ने पिछले साल भी सितंबर में डीए बढ़ाने का ऐलान किया था। इस बार भी यही अनुमान है कि सरकार सितंबर के अंत तक डीए में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। ये बढ़ोतरी 1 जुलाई से लागू मानी जाएगी। ऐसे में कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर तीन महीने का डीए एरियर (DA Arear) भी मिलेगा। हालांकि, अभी तक सरकार की तरफ से डीए में बढ़ोतरी को लेकर कोई ऐलान नहीं किया गया है।
