7th Pay Commission: दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को एक बार फिर से खुशखबरी मिल सकती है। कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (Dearness Allowance - DA) और पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत (DR) में फिर बढ़ोतरी की संभावना है। इससे 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होगा। दिवाली से पहले कर्मचारियों का DA 28 फीसदी से बढ़कर 31 फीसदी हो सकता है। बता दें कि केंद्र सरकार ने हाल में DA 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी कर दिया है। ये बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दिवाली से पहले अक्टूबर के वेतन में मिल सकता है। कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के चलते सरकार ने पिछले साल DA को जून 2021 तक फ्रीज कर दिया था।
जुलाई 2021 का महंगाई भत्ता (DA) अभी तय नहीं किया गया है, लेकिन जनवरी से मई 2021 के AICPI आंकड़ों से पता चलता है कि इसमें 3 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इस तरह 3 फीसदी और बढ़ने के बाद महंगाई भत्ता 31 फीसदी पर पहुंच जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार दशहरे या दिवाली के आसपास DA बढ़ाने का ऐलान कर सकती है।
पिछले साल के मुकाबले कुल महंगाई भत्ता 11 फीसदी बढ़ चुका है। सरकार ने जुलाई 2021 से इसे 28 फीसदी कर दिया है। अब जून 2021 में अगर यह 3 फीसदी बढ़ता है तो इसके बाद महंगाई भत्ता (17+4+3+4+3) के साथ 31 फीसदी पर पहुंच जाएगा। यानी अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है तो उसे 15,500 रुपये DA मिलेगा।
महंगाई भत्ता कर्मचारी के बेसिक सैलरी का एक निश्चित हिस्सा होता है। देश में महंगाई के असर को कम करने के लिए सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देती है। इसे समय-समय पर बढ़ाया जाता है। पेंशनर्स को महंगाई राहत (DR) के तौर पर यह लाभ मिलता है।