7th Pay Commission: केंद्र सरकार के कर्मचारियों को जल्द अच्छी खबर मिल सकती है। 18 महीने से पेंडिंग महंगाई भत्ते (Dearness Allowance- DA) का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को खुशखबरी सरकार दे सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर जल्द चर्चा हो सकती है। सरकारी कर्मचारियों का डीए कोविड के समय में जनवरी 2020 से लेकर जून 2021 तक कर्मचारियों का डीए नहीं बढ़ाया गया था। सरकारी कर्मचारी इसी डीए एरियर के लिए काफी समय से मांग कर रहे हैं। सरकार साल में 2 बार जनवरी और जुलाई में DA बढ़ाती है लेकिन उस दौरान डीए नहीं बढ़ाया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो सरकार 3 किश्तों में डीए एरियर का पैसा दे सकती है।
3 किश्तों में मिल सकता है 18 महीने का DA एरियर
रिपोर्ट के मुताबिक लेवल 3 के कर्मचारियों को अगर 18 महीने का डीए एरियर मिलता है 11,880 रुपये से लेकर 37,554 रुपये मिलेंगे। हालांकि, ये सिर्फ एक अनुमान है। इसके अलावा लेवल-13 या लेवल-14 के कर्मचारियों का डीए एरियर 1,44,200 रुपये से 2,18,200 रुपये के बीच हो सकता है। सरकारी कर्मचारियों को 18 महीने का डीए एरियर तीन किश्तों में देने पर चर्चा हो रही है।
त्योहारों से पहले सरकार ने बढ़ाया था महंगाई भत्ता
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 28 सितंबर 2022 को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के डीए और पेंशनभोगियों के डीआर (Dearness Relief - DR) में 4 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। ये बढ़ोतरी 1 जुलाई 2022 से लागू मानी गई थी। सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनर्स के महंगाई राहत में यह बढ़ोतरी All India Consumer Price Index के आंकड़ों के आधार पर की गई थी। तब सरकार ने दिवाली से पहले डीए और डीआर बढ़ाकर देश के कर्मचारियों और पेंशनर्स को त्योहारों से पहले तोहफा दिया था।
साल में 2 बार बढ़ता है महंगाई भत्ता
केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन में महंगाई भत्ता बढ़ाने से सरकार के खजाने पर भी सालाना करीब 6,591.36 करोड़ रुपये का खर्च बढ़ा है। 7वें वेतन आयोग के तहत सरकार साल में 2 बार महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ाती है। ज्यादातर सरकार 1 जनवरी और 1 जुलाई को डीए और डीआर रिवाइज करती है। इसका फायदा देश के 48 लाख केंद्र सरकार के कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनभोगियों को होता है। अभी सरकार ने डीए 4 फीसदी बढ़ाकर 38 फीसदी कर दिया है। इससे पहले सरकार ने मार्च में डीए बढ़ाकर 34 फीसदी किया था।