7th Pay Commission: तेलंगाना सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में 2.73 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। राज्य सरकार के इस फैसले से तेलंगाना के 7.2 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होगा। राज्य सरकार ने अपने मौजूदा डीए (Dearness Allowance - DA) और डीआर (Dearness Relief - DR) को 17.29 प्रतिशत से रिवाइज करके 20.02 प्रतिशत कर दिया है। ये नई दरें 1 जुलाई 2021 से लागू माना जाएगा। कर्मचारियों को 1 जुलाई 2021 से 31 दिसंबर 2022 तक के महंगाई भत्ते को सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों को होगा फायदा
तेलंगाना सरकार के मुताबिक महंगाई भत्ते के बकाया का पेमेंट उन कर्मचारियों को किया जाएगा जो 31 मई 2023 को रिटायर होने वाले हैं। इसके अलावा उन्हें अपनी सर्विस के अंतिम चार महीनों के दौरान सामान्य भविष्य निधि में योगदान करने की छूट है। इस बीच पेंशनरों के लिए उनके एरियर का पेमेंट उनकी जनवरी 2023 की पेंशन के साथ किया जाएगा।
8 किश्तों में मिलेगा एरियर
राज्य सरकार एक जुलाई 2021 से 31 दिसंबर 2022 तक के महंगाई राहत (DR) एरियर का पेमेंट आठ किश्तों में किया जाएगा। उसी के लिए यह प्रक्रिया फरवरी 2023 में शुरू होगी और जो मार्च 2023 में दिया जाएगा। वित्त मंत्री टी हरीश राव के अनुसार तेलंगाना सरकार के डीए बढ़ाने के कदम से 2.88 लाख रिटायर और 4.40 लाख सार्वजनिक कर्मचारियों को मदद मिलेगी। कर्मचारियों का दावा है कि जुलाई 2021 का डीए जारी कर दिया गया है और जनवरी 2022, जुलाई 2022 और जनवरी 2023 का डीए अब भी पेंडिंग है।
तमिलनाडु सरकार ने भी बढ़ाया DA
इससे पहले तमिलनाडु सरकार ने महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। अब कर्मचारियों को मिलने वाला डीए 34 फीसदी से बढ़ाकर 38 फीसदी कर दिया गया है। तमिलनाडु सरकार के फैसले से 16 लाख से अधिक राज्य कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।