8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से केंद्र सरकार के खजाने पर कम से कम 3 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। इससे वित्त वर्ष 2027-28 में सरकार को राजकोषीय घाटे को नियंत्रण में रखने में दिक्कत आ सकती है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म डोएचे बैंक रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में यह अनुमान जताया है।
राजकोषीय घाटा GDP का 4.3% रह सकता है
Deutsche Bank ने अपनी 2027 World Outlook रिपोर्ट 'Great Expectations, but Risky Business' में अनुमान लगाया है कि वित्त वर्ष 2028 में केंद्र सरकार का राजकोषीय घाटा GDP के 4.3 फीसदी पर बना रह सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके पीछे सब्सिडी पर बढ़ता खर्च, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से कम डिविडेंड मिलने का अनुमान और 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से बढ़ने वाले खर्च का हाथ होगा।
8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट लागू करने से बढ़ेगा खर्च
डोएचे बैंक के मुताबिक, 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन पर कम से कम 3 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च हो सकता है। इससे FY28 में सरकार के लिए राजकोषीय घाटे को तय लक्ष्य के भीतर रखना मुश्किल हो सकता है।
रिपोर्ट लागू करने में देरी से कुछ समय की राहत मिलेगी
रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर सरकार वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने में देरी करती है तो उसे फिलहाल कुछ राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन इससे समस्या खत्म नहीं होगी। देरी होने पर कर्मचारियों के बकाया भुगतान (Arrears) का बोझ बढ़ जाएगा और बाद में सरकार को एक साथ ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।
इस साल Fiscal Deficit टारगेट के अंदर रह सकता है
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए Deutsche Bank को उम्मीद है कि केंद्र सरकार GDP के 4.3 फीसदी के राजकोषीय घाटे के लक्ष्य को हासिल कर सकती है। इसके पीछे कई वजहें हैं। इनमें RBI से मिलने वाला 2.9 लाख करोड़ रुपये का डिविडेंड, इकोनॉमिक स्टेबिलाइजेशन फंड के तहत 1 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान, पूंजीगत खर्च (Capital Expenditure) में संभावित कटौती और विनिवेश से उम्मीद से ज्यादा कमाई शामिल हैं।
एंप्लॉयीज की सैलरी बढ़ने से अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा फायदा
डोएचे बैंक ने यह भी कहा है कि 8वें वेतन आयोग से सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और वेतन संबंधी लाभ बढ़ेंगे। इससे उनकी खर्च करने की क्षमता बढ़ेगी, जिससे घरेलू मांग (Domestic Demand) को समर्थन मिलेगा। सरकारी कर्मचारियों की आमदनी बढ़ने से मकान, व्हीकल्स, कंज्यूमर गुड्स और दूसरी सेवाओं पर खर्च बढ़ने की संभावना है। इससे अर्थव्यवस्था की ग्रोथ को भी सहारा मिल सकता है।
FY27 में 7.3% रह सकती है भारत की GDP ग्रोथ
Deutsche Bank ने भारत की आर्थिक विकास दर को लेकर भी अनुमान जारी किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की वास्तविक GDP ग्रोथ 7.3 फीसदी रह सकती है। वहीं, FY28 में इसके 7.2 फीसदी और FY29 में 7.3 फीसदी रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट और सामान्य से कम मानसून जैसी चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति मजबूत बनी हुई है।