Uber से नौकरी गई, फिर भी टेंशन नहीं! इस शख्स ने ऐसी तैयारी कर रखी कि 3 साल तक रह सकता है बिना जॉब

बड़ी कंपनियों में एंप्लॉयीज की छंटनी आम बात हो गई है। हालांकि, छंटनी का काफी खराब असर न सिर्फ एंप्लॉयीज बल्कि उसके पूरे परिवार पर पड़ता है। समस्या तब ज्यादा बढ़ जाती है जब अचानक एंप्लॉयीज को नौकरी खत्म होने का लेटर थमा दिया जाता है

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 1:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उबर ने 2 सितंबर को करीब 3,300 कर्मचारियों की छंटनी कर दी।

नौकरी जाने का डर आमतौर पर किसी कर्मचारी को परेशान करता है। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो छंटनी को एक नए मौके के तौर पर देखते हैं। ऐसा ही कुछ उबर के बेंगलुरु ऑफिस में काम करने वाले 30 साल के पूर्व सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैरी आहूजा के साथ हुआ। कंपनी में करीब 4.5 साल काम करने के बाद 2 सितंबर को उन्हें छंटनी का लेटर मिल गया।

इस लेटर को पढ़ने के बाद भी आहूजा परेशान नहीं हुए। इसकी वजह उनकी करीब 35 लाख रुपये की बचत है। इसके दम पर वह अगले तीन साल तक बिना नौकरी किए आराम से अपना खर्च चला सकते हैं। Moneycontrol से बातचीत में आहूजा ने बताया कि Uber में छंटनी के दौरान अपने दोस्तों और सहकर्मियों को नौकरी गंवाते देखकर उनके मन में खुद भी छंटनी का अनुभव करने की इच्छा पैदा हुई थी।

उन्होंने बताया कि वह देखना चाहते थे कि कंपनी का HR प्रभावित कर्मचारियों के साथ किस तरह का व्यवहार करता है। आखिरकार 2 सितंबर को कंपनी ने करीब 3,300 कर्मचारियों की छंटनी की, जिसमें आहूजा भी शामिल थे। अक्टूबर उनका आखिरी वर्किंग महीना था।


नौकरी जाने का इंतजार क्यों कर रहे थे?

आहूजा के मुताबिक, कंपनी में छंटनी की प्रक्रिया ने उन्हें काफी परेशान किया था। उन्होंने देखा कि ऑफिस में उनके साथ काम करने वाले दोस्तों को उनकी व्यक्तिगत परिस्थितियों और करियर की परवाह किए बिना एक-एक करके नौकरी से निकाला जा रहा था।

उन्होंने Moneycontrol को बताया कि वह इस पूरी प्रक्रिया को खुद अनुभव करना चाहते थे, ताकि HR के व्यवहार और कॉरपोरेट वर्क कल्चर के बारे में सार्वजनिक रूप से लिख सकें। आहूजा का आरोप है कि वर्ष 2022 से कंपनियां कर्मचारियों के बीच नौकरी जाने का डर पैदा कर रही हैं, ताकि वे कंपनी की शर्तों को स्वीकार करते रहें। लेकिन जब छंटनी की बारी आती है तो कर्मचारियों को निकालने के लिए उनके खिलाफ खराब प्रदर्शन जैसे कारण तैयार किए जाते हैं।

उन्होंने अपने एक सहकर्मी का उदाहरण दिया, जिसकी शादी होने वाली थी और उसने इसके लिए लंबी छुट्टी की योजना बनाई थी। आहूजा के मुताबिक, उस छुट्टी को ही उसके परफॉर्मेंस अप्रेजल में उसके खिलाफ इस्तेमाल किया गया। एक अन्य उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि उनका एक जूनियर साथी, जो SD-1 टेक्नीशियन था, एक आउटिंग से वापस आया तो उसे पता चला कि उसका Slack अकाउंट बंद कर दिया गया है। उसे छंटनी के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। वह एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम कर रहा था।

आहूजा के मुताबिक, इस तरह की घटनाओं से टीम का मनोबल गिर गया था। कर्मचारियों को हर समय नौकरी जाने का डर सताने लगा था। वह इस माहौल से बाहर निकलकर ऐसे कॉरपोरेट कल्चर के बारे में खुलकर बात करना चाहते थे।

नौकरी जाने से पहले कैसे जुटाए ₹35 लाख?

आहूजा ने बताया कि जब उन्हें नौकरी जाने का जोखिम महसूस हुआ तो उन्होंने अपनी बचत बढ़ाने पर ध्यान देना शुरू कर दिया। वह पहले से ही कम खर्च करने वाले व्यक्ति हैं और केवल जरूरी चीजों पर ही पैसा खर्च करते हैं।

यह भी पढ़ें: Swiggy Layoffs: स्विगी के इंस्टामार्ट में छंटनी, 340 लोगों की जा सकती है नौकरी

उन्होंने करीब एक साल में 35 लाख रुपये की बचत कर ली। उनके मुताबिक, इस रकम के दम पर वह लगभग तीन साल तक बिना नौकरी किए अपना खर्च चला सकते हैं। आहूजा अपनी पत्नी के साथ बेंगलुरु के वारथुर इलाके में 2BHK फ्लैट में रहते हैं। उनकी पत्नी भी HR मैनेजर हैं और फिलहाल नौकरी में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में किराया ज्यादा होने के बावजूद वे शहर छोड़ने की योजना नहीं बना रहे हैं। इसकी वजह यह है कि दोनों अपने खर्चों को पहले से प्लान करते हैं। वे महंगी छुट्टियों और फिजूलखर्ची से बचते हैं।

अभी नौकरी की तलाश नहीं कर रहे पति-पत्नी

आहूजा और उनकी पत्नी फिलहाल नई नौकरी की तलाश में नहीं हैं। दोनों इस ब्रेक का इस्तेमाल अपनी पसंद के काम को समझने और करियर की आगे की दिशा तय करने में करना चाहते हैं।

आहूजा की पत्नी अब HR प्रोफेशनल के तौर पर काम जारी नहीं रखना चाहतीं। वहीं, आहूजा की दिलचस्पी स्पोर्ट्स और फिटनेस में है। वह इन क्षेत्रों में आगे की संभावनाएं तलाशना चाहते हैं।

उनका मानना है कि पर्याप्त बचत होने से उन्हें जल्दबाजी में नई नौकरी चुनने की जरूरत नहीं है। वे इस समय का इस्तेमाल अपने करियर के लिए नए विकल्प तलाशने में करना चाहते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।