Gold Buying Tips: सोना खरीदते समय जरूर चेक करें ये 3 चीजें, IBJA ने फ्रॉड से बचने के लिए ग्राहकों को दी सलाह
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) ने शादियों के सीजन को देखते हुए यह एडवायजरी जारी की है। भारत में शादियों में गोल्ड ज्वेलरी उपहार में देने की परंपरा रही है। इस वजह से शादियों के सीजन में गोल्ड और गोल्ड ज्वेलरी की बिक्री बढ़ जाती है
आईबीजेए ने कहा है कि ग्राहक केवल कीमत और डिजाइन देखकर सोना नहीं खरीदें, बल्कि उसकी शुद्धता, स्रोत और जरूरी दस्तावेजों की भी जांच करें।
गोल्ड ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए जरूरी खबर है। मिलावटी सोना और खरीदारी में धोखाधड़ी से बचने के लिए इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) ने कुछ खास सलाह दी है। उसने सिर्फ बीआईएस और एनएबीएल रजिस्टर्ड रिफाइनर्स से ही सोना खरीदने की सलाह दी है।
आईबीजेए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है
IBJA का कहना है कि ऐसे रिफाइनर्स नियामकीय मानकों का पालन करते हैं और उनके पास सोने की शुद्धता जांचने के लिए आधुनिक मशीनें होती हैं। इनसे सोने में मौजूद दूसरी धातुओं और अशुद्धियों का पता लगाया जा सकता है। उसने 25 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बारे में एडवाइजरी जारी की है।
बीते एक साल में एसोसिएशन को कोई बड़ी शिकायत नहीं मिली है
एसोसिएशन के सचिव सुरेंद्र मेहता ने हालांकि स्पष्ट किया है कि यह एक एहतियाती सलाह है। इसे सोने में मिलावट की किसी खास घटना या शिकायत के बाद जारी नहीं किया गया है। उनके मुताबिक, पिछले एक साल में एसोसिएशन को सोने में मिलावट की कोई विशेष शिकायत नहीं मिली है।
सोना खरीदते समय किन 3 बातों का रखें ध्यान?
1. BIS और NABL रजिस्टर्ड रिफाइनर से ही खरीदें गोल्ड
IBJA के मुताबिक, सोने के बार और कॉइन ग्राहकों को BIS और NABL में रजिस्टर्ड रिफाइनर्स से ही खरीदना चाहिए। इन संस्थानों से जुड़े रिफाइनर्स नियामकीय प्रक्रियाओं का पालन करते हैं और आधुनिक टेस्टिंग मशीनों का इस्तेमाल करते हैं।
BIS यानी ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के तहत काम करता है। वहीं, NABL यानी नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज, क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) के तहत आता है।
2. GST वाला बिल जरूर लें
सोने के सिक्के, बार या ज्वेलरी खरीदते समय GST चुकाने के बाद मिलने वाला बिल जरूर लें। बिल में सोने की शुद्धता, वजन और खरीदारी से जुड़ी दूसरी जानकारियां होती हैं। IBJA सचिव सुरेंद्र मेहता ने कहा कि ग्राहक BIS और NABL रिफाइनर्स से GST बिल के साथ सोना खरीदें। ज्वेलरी के मामले में BIS रजिस्टर्ड ज्वेलर्स को प्राथमिकता दें।
3. BIS ऐप से हॉलमार्क की जांच करें
हॉलमार्क वाली ज्वेलरी खरीदते समय उसके HUID यानी हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर की जांच जरूर करें। इसके लिए BIS Care ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
HUID नंबर से ग्राहक ज्वेलरी की हॉलमार्किंग से जुड़ी जानकारी सत्यापित कर सकते हैं। इससे खरीदारी के समय सोने की शुद्धता से जुड़े दावों की जांच करने में मदद मिलती है।
सोने में मिलावट मिले तो कहां करें शिकायत?
अगर सोना खरीदने के बाद उसकी शुद्धता में गड़बड़ी या मिलावट का पता चलता है तो ग्राहक संबंधित ज्वेलर के खिलाफ ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) में शिकायत कर सकते हैं। मेहता के मुताबिक, मिलावट का मामला सामने आने पर BIS संबंधित ज्वेलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकता है। अगर गलती हॉलमार्किंग एजेंसी की पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
सोने की ज्वेलरी खरीदते समय BIS हॉलमार्क एक जरूरी पहचान है। यह ग्राहकों को सोने की घोषित शुद्धता के बारे में जानकारी देता है। इसलिए ज्वेलरी खरीदने से पहले हॉलमार्क और HUID नंबर की जांच करना जरूरी है। एसोसिएशन का कहना है कि उपभोक्ता संरक्षण उसकी प्राथमिकता है और हर ग्राहक को शुद्ध सोना मिलना चाहिए। एसोसिएशन ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे केवल कीमत और डिजाइन देखकर सोना न खरीदें, बल्कि उसकी शुद्धता, स्रोत और जरूरी दस्तावेजों की भी जांच करें।
All jewellers & investors are hereby advised that Indian refined #Gold must be purchased only from #BIS and #NABL registered Gold Refiners as these refiners follow all BIS protocols and have all the necessary machines etc to detect any kind of chemical as well as any other metal mixed with Gold.