8th Pay Commission: पेंशनर्स ने पीएम मोदी को भेजी 11 मांगे, पूरी हुई तो काफी बढ़ जाएगी पेंशन
फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपा है। इनमें पेंशन से जुड़े 11 मुद्दे उठाए हैं। इनमें पेंशन रिवीजन, अंतरिम राहत, पुरानी पेंशन योजना, मेडिकल सुविधाएं और पेंशन में समानता जैसे विषय शामिल हैं
FCPA ने अपना ज्ञापन प्रधानमंत्री के अलावा वित्त मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्री और पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग के सचिव को भी भेजा है।
8वें वेतन आयोग को लेकर पेंशनर्स ने केंद्र सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं। पेंशनर्स संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर पेंशन में कम से कम 20 फीसदी अंतरिम राहत देने, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने और 8वें वेतन आयोग के दायरे में 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी शामिल करने की मांग की है।
फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) ने 25 नवंबर को नई दिल्ली के ईस्टर्न कोर्ट में सामूहिक धरने के बाद प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें केंद्र सरकार, रेलवे, रक्षा, BSNL/MTNL, बैंक और स्वायत्त संस्थाओं के पेंशनर्स के साथ फैमिली पेंशनर्स से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं।
एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) में स्पष्ट रूप से यह शामिल किया जाए कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन भी रिवाइज की जाएगी। इसके अलावा संगठन ने वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट, 2025 को पूरी तरह वापस लेने की मांग की है।
पेंशनर्स की क्या हैं 11 प्रमुख मांगें?
FCPA ने अपने ज्ञापन में पेंशन से जुड़े 11 प्रमुख मुद्दे उठाए हैं। इनमें पेंशन रिवीजन, अंतरिम राहत, पुरानी पेंशन योजना, मेडिकल सुविधाएं और पेंशन में समानता जैसे विषय शामिल हैं।
1. पेंशन वैलिडेशन एक्ट 2025 वापस लेने की मांग
एसोसिएशन ने वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट, 2025 को पूरी तरह निरस्त करने की मांग की है। संगठन को आशंका है कि इस कानून के प्रावधानों से पुराने पेंशनर्स के पेंशन रिवीजन पर असर पड़ सकता है।
2. 1 जनवरी, 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी मिले फायदा
संगठन चाहता है कि 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में पुराने पेंशनर्स को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए। इससे 1 जनवरी, 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन में संशोधन का रास्ता सुनिश्चित हो सकेगा।
3. पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग
पेंशनर्स एसोसिएशन ने 1 जनवरी 2004 या उसके बाद भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए OPS बहाल करने की मांग की है। इसके साथ ही नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को वापस लेने की मांग भी की गई है।
4. BSNL और MTNL पेंशनर्स की पेंशन में संशोधन
एसोसिएशन ने BSNL और MTNL में समाहित हुए कर्मचारियों की पेंशन से जुड़े लंबित मुद्दों का समाधान करने की मांग की है। इसमें 1 जनवरी, 2017 से पेंशन रिवीजन का मामला भी शामिल है।
5. बैंक पेंशनर्स की पेंशन अपडेट हो
बैंक पेंशनर्स की पेंशन को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पैटर्न के आधार पर अपडेट करने की मांग की गई है।
6. स्वायत्त संस्थाओं के पेंशनर्स को भी मिले लाभ
एसोसिएशन चाहती है कि स्वायत्त संस्थाओं (Autonomous Bodies) के पेंशनर्स को भी 8वें वेतन आयोग के दायरे में लाया जाए। साथ ही उन्हें सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (CGHS) का लाभ देने की मांग की गई है।
7. 50% DA और DR को बेसिक वेतन-पेंशन में मिलाने की मांग
पेंशनर्स ने अंतरिम उपाय के तौर पर 50 फीसदी महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) को बेसिक सैलरी और पेंशन में मर्ज करने की मांग की है।
8. पेंशन में कम से कम 20% अंतरिम राहत मिले
एसोसिएशन ने पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को कम से कम 20 फीसदी अंतरिम राहत देने की मांग की है। यह राहत 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने तक दिए जाने का प्रस्ताव है।
9. कम्यूटेड पेंशन की बहाली का समय घटे
अभी पेंशन का कम्यूटेड हिस्सा 15 साल बाद बहाल होता है। संगठन ने इस अवधि को घटाकर 10 साल और 8 महीने करने की मांग की है।
10. CGHS सुविधाओं का विस्तार और मेडिकल अलाउंस बढ़े
पेंशनर्स ने CGHS वेलनेस सेंटर की संख्या बढ़ाने, पर्याप्त डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने तथा ज्यादा अस्पतालों को योजना के पैनल में शामिल करने की मांग की है। इसके अलावा कैशलेस इलाज की सुविधा आसान बनाने और फिक्स्ड मेडिकल अलाउंस को बढ़ाकर 5,000 रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया है।
11. सभी पेंशनर्स के बीच समानता की मांग
एसोसिएशन ने 1 जनवरी, 2026 से पहले और उसके बाद रिटायर होने वाले कर्मचारियों के बीच पेंशन के मामले में किसी तरह का भेदभाव नहीं करने की मांग की है। संगठन चाहता है कि सभी पेंशनर्स को समान आधार पर पेंशन संशोधन का लाभ मिले।
पुराने पेंशनर्स को क्यों सता रही है चिंता?
पेंशनर्स की प्रमुख चिंता 1 जनवरी, 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को लेकर है। एसोसिएशन का कहना है कि 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में इस श्रेणी के पेंशनर्स की पेंशन में संशोधन को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाना चाहिए।
संगठन को आशंका है कि अगर इस संबंध में स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया तो कट-ऑफ डेट के आधार पर पुराने और नए पेंशनर्स के साथ अलग-अलग व्यवहार हो सकता है। इसी वजह से एसोसिएशन ने वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट, 2025 को वापस लेने और 8वें वेतन आयोग के दायरे में जरूरी बदलाव करने की मांग उठाई है।
FCPA ने अपना ज्ञापन प्रधानमंत्री के अलावा वित्त मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्री और पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग के सचिव को भी भेजा है। एसोसिएशन ने अपनी मांगों पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री या वित्त मंत्री से जल्द मुलाकात का समय भी मांगा है।