प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। ईपीएफओ ने नए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (एसडब्ल्यूपी) को मंजूरी दी है। इससे एंप्लॉयी को रिटायरमेंट के बाद पीएफ में जमा अपने पैसे से नियमित रूप से इनकम मिलेगी। पीएफ में जमा पैसे पर मिलने वाले इंटरेस्ट से यह इनकम होगी। इसका मतलब है कि एंप्लॉयी को रिटायरमेंट के बाद जरूरी खर्चों के लिए पीएफ का पैसा निकालना नहीं पड़ेगा।
सब्सक्राइबर के पीएफ खाते में मूल रकम जमा रहेगी
इस सुविधा की खास बात यह है कि रिटायरमेंट के बाद सदस्य के पीएफ खाते में जमा मूल रकम जस की तस पड़ी रहेगी। इसे एक उदाहरण की मदद से समझ सकते हैं। अगर किसी एंप्लॉयी के PF खाते में रिटायरमेंट के समय 50 लाख रुपये जमा हैं और EPF पर 8.25 फीसदी ब्याज मिलता है तो सालभर में करीब 4.12 लाख रुपये ब्याज बनेगा। ब्याज का यह पैसा हर महीने सब्सक्राइबर के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किया जा सकता है। इस हिसाब से हर महीने की औसत ब्याज रकम करीब 34,375 रुपये होगी।
ईपीएफ के इंटरेस्ट रेट में बदलाव से मंथली इनकम बदलेगी
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि 34,375 रुपये को EPFO की ओर से हर महीने मिलने वाला निश्चित ब्याज या तय भुगतान नहीं समझा जाना चाहिए। यह सालाना ब्याज दर के आधार पर किया गया एक सांकेतिक कैलकुलेशन है। अगर ईपीएफ के इंटरेस्ट रेट में बदलाव होता है तो हर महीने मिलने वाली ब्याज की रकम में भी बदलाव हो सकता है।
सब्सक्राइबर्स के लिए नियमित इनकम के विकल्प उपलब्ध
EPFO की नई विड्रॉल सिस्टम के तहत सब्सक्राइबर्स अपनी जरूरत के मुताबिक अलग-अलग विकल्प चुन सकेंगे। इसमें केवल ब्याज निकालना, ब्याज के साथ मूल रकम का कुछ हिस्सा निकालना या शुरुआत में एकमुश्त रकम लेकर उसके बाद नियमित किस्तों में पैसा निकालना शामिल है।
पीएफ में जमा पैसे के ब्याज की रकम से होगी नियमित इनकम
अगर कोई रिटायर कर्मचारी सिर्फ ब्याज की रकम निकालने का विकल्प चुनता है तो उसका मूल PF कॉर्पस खाते में बना रहेगा। इस तरह जमा रकम पर ब्याज मिलता रहेगा और रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का जरिया भी उपलब्ध होगा। इस सिस्टम में जो रकम PF खाते में बची रहेगी, उस पर ब्याज मिलता रहेगा।
सरकार समय-समय पर पीएफ के इंटरेस्ट रेट की समीक्षा करती है
सरकार EPF की ब्याज दर की समय-समय पर समीक्षा करती है। इसलिए भविष्य में ब्याज दर में बदलाव होने पर मिलने वाली रकम भी बदल सकती है। पीएफ में जमा पूरा पैसा एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में निकालने का विकल्प उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें नियमित आमदनी की जरूरत है और जो अपनी मूल बचत को लंबे समय तक बनाए रखना चाहते हैं। साथ ही अगर कोई रिटायर्ड व्यक्ति सिर्फ इंटरेस्ट इनकम से अपना खर्च चलाना चाहता है तो उसके पीएफ खाते में जमा मूल राशि बनी रहेगी।