₹25 लाख, ₹50 लाख या ₹75 लाख के साथ हो रहे हैं रिटायर? जानें FD, बॉन्ड और लिक्विड फंड में पैसे बांटने का स्मार्ट फॉर्मूला
Retirement Corpus Planning: रिटायरमेंट के बाद सिर्फ बड़ा फंड जुटाना ही काफी नहीं होता, बल्कि उसे सही जगह निवेश करना सबसे अहम है। ₹25 लाख, ₹50 लाख या ₹75 लाख के कॉर्पस को FD, बॉन्ड और लिक्विड निवेश में बांटने का तरीका फंड के साइज और जरूरतों के साथ बदलता है। बकेट स्ट्रैटेजी, इमरजेंसी रिजर्व और जोखिम जांचने के अहम नियम कैसे काम करते हैं, एक्सपर्ट से समझिए इसका पूरा गणित
Retirement Corpus Planning: रिटायरमेंट प्लानिंग केवल बड़ा फंड तैयार करने तक सीमित नहीं रहती। असली खेल इस बात का है कि आप उस कॉर्पस को कैसे संभालते और निवेश करते हैं। अगर आप ₹25 लाख, ₹50 लाख या ₹75 लाख के रिटायरमेंट फंड के साथ रिटायर हो रहे है तो उसे FD, बॉन्ड और लिक्विड निवेश के बीच सही तरीके से बांटना होता है। ऐसा करने से रेगुलर इनकम, लिक्विडिटी और पूंजी की सुरक्षा का मजबूत संतुलन बनता है।
स्टेबल मनी के सह-संस्थापक और सीईओ सौरभ जैन के मुताबिक, 'रिटायरमेंट के बाद निवेश का फोकस सिर्फ वेल्थ बढ़ाने के बजाय नियमित कैश-फ्लो, आसानी से उपलब्ध लिक्विडिटी और मूलधन की सुरक्षा पर होना चाहिए। कॉर्पस के आकार के हिसाब से एसेट एलोकेशन बदलता है। छोटे फंड में स्थिरता और लिक्विडिटी को ज्यादा तरजीह मिलती है, जबकि बड़े कॉर्पस में बॉन्ड और अलग-अलग बकेट्स के जरिए डाइवर्सिफिकेशन बढ़ाया जा सकता है। साथ ही, सिर्फ ज्यादा यील्ड देखकर फैसला लेने के बजाय क्रेडिट रेटिंग, मैच्योरिटी, टैक्स और इमरजेंसी रिजर्व जैसी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है'।
इसी वजह से फिक्स्ड-इनकम विकल्पों यानी FD, बॉन्ड और लिक्विड निवेश के बीच सही संतुलन बनाना बेहद जरूरी है। जानिए ₹25 लाख, ₹50 लाख और ₹75 लाख के कॉर्पस को कैसे बांटा जा सकता है:
₹25 लाख के साथ रिटायरमेंट: लिक्विडिटी और स्थिरता को दें प्राथमिकता
अगर आपका रिटायरमेंट कॉर्पस ₹25 लाख है, तो नियमित खर्चों और अचानक आने वाली जरूरतों को संभालने के लिए ज्यादा हिस्सा सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध विकल्पों में रखना बेहतर रहता है:
फिक्स्ड डिपॉजिट (50%): ₹12.5 लाख- इससे नियमित और भरोसेमंद ब्याज आय मिलती रहती है।
लिक्विड निवेश (30%): ₹7.5 लाख- यह हिस्सा नजदीकी खर्चों और इमरजेंसी के लिए बफर का काम करता है।
बॉन्ड (20%): ₹5 लाख- छोटा हिस्सा बॉन्ड में रखने से पोर्टफोलियो में विविधता आती है और रिटर्न बेहतर होने की संभावना बनती है। हालांकि, निवेश से पहले जारीकर्ता की गुणवत्ता, क्रेडिट रेटिंग, मैच्योरिटी और लिक्विडिटी जरूर जांचें।
₹50 लाख के साथ रिटायरमेंट: आय और लिक्विडिटी के बीच बनाएं संतुलन
₹50 लाख का कॉर्पस अलग-अलग फिक्स्ड-इनकम विकल्पों में पैसा लगाने की अधिक गुंजाइश देता है:
फिक्स्ड डिपॉजिट (40%): ₹20 लाख
बॉन्ड (35%): ₹17.5 लाख
लिक्विड निवेश (25%): ₹12.5 लाख
इस स्तर पर FD और लिक्विड हिस्से को मजबूत रखते हुए बॉन्ड में आवंटन बढ़ाया जा सकता है। यहां मकसद सिर्फ सबसे ज्यादा यील्ड के पीछे भागना नहीं होना चाहिए, बल्कि अपनी जोखिम क्षमता और कैश-फ्लो की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग जारीकर्ताओं और मैच्योरिटी वाले बॉन्ड चुनने चाहिए।
₹75 लाख के साथ रिटायरमेंट: बड़े कॉर्पस से बढ़ाएं डाइवर्सिफिकेशन
₹75 लाख के रिटायरमेंट फंड के साथ निवेशक कई फिक्स्ड-इनकम बकेट तैयार कर सकते हैं:
बॉन्ड (40%): ₹30 लाख
फिक्स्ड डिपॉजिट (35%): ₹26.25 लाख
लिक्विड निवेश (25%): ₹18.75 लाख
बड़ा कॉर्पस होने पर बॉन्ड के जरिए एक्स्ट्रा फिक्स्ड-इनकम का स्रोत बनाया जा सकता है, जबकि FD स्थिरता देती है और लिक्विड निवेश जरूरत पड़ने पर तुरंत पैसा उपलब्ध कराते हैं। हालांकि, बड़ा फंड होने का मतलब अनावश्यक जोखिम लेना नहीं है; बॉन्ड चुनते समय क्रेडिट रेटिंग, यील्ड टू मैच्योरिटी और लिक्विडिटी पर पूरा ध्यान देना जरूरी है।
पैसे की जरूरत के समय के आधार पर बनाएं 'बकेट स्ट्रैटेजी'
पूरे रिटायरमेंट कॉर्पस को एक ही पूल मानने के बजाय कैश-फ्लो की जरूरत के हिसाब से तीन हिस्सों में बांटना समझदारी है:
लिक्विडिटी बकेट: तत्काल खर्चों, इमरजेंसी और अल्पकालिक जरूरतों का पैसा लिक्विड विकल्पों में रखें।
इनकम बकेट: नियमित ब्याज आय के लिए FD और उपयुक्त बॉन्ड का इस्तेमाल करें।
लॉन्ग-टर्म बकेट: जिस पैसे की तुरंत जरूरत नहीं है, उसे लंबी अवधि के नजरिए से निवेश करें। इससे किसी अचानक खर्च के लिए लंबी अवधि के निवेश को बार-बार तोड़ने की नौबत नहीं आती।
इमरजेंसी रिजर्व को रेगुलर इनकम प्लान से अलग रखें
रिटायरमेंट के दौरान मेडिकल खर्च, घर की मरम्मत या पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते अचानक पैसों की जरूरत पड़ सकती है। एक अलग लिक्विड इमरजेंसी फंड रखने से आपको समय से पहले FD तुड़वाने या नुकसान पर बॉन्ड बेचने से बचाव मिलता है।
अलग-अलग टाइम होराइजन के हिसाब से काम करे आपका पैसा
रिटायरमेंट कॉर्पस को कई दशकों तक आपका साथ निभाना होता है। सारा पैसा एक ही जगह लगाने से एकाग्रता और लिक्विडिटी का जोखिम बढ़ता है। इसलिए लक्ष्य सिर्फ अधिकतम रिटर्न कमाना नहीं, बल्कि समय के साथ नियमित आय, लिक्विडिटी और पूंजी की सुरक्षा का सही संतुलन बनाना होना चाहिए।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स के दिए गए विचार उनके अपने होते है। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।