Car Loan Calculator: कार लोन लेते समय कितना डाउन पेमेंट करना चाहिए? समझिए ₹6 से ₹15 लाख की गाड़ी का पूरा हिसाब

Car Loan Calculator: कार खरीदते समय कम डाउन पेमेंट देने से शुरुआती खर्च घटता है, लेकिन लोन और ब्याज बढ़ जाते हैं। वहीं, ज्यादा रकम देने से EMI कम होती है। जानिए 6 लाख से 15 लाख की गाड़ी के लिए कितना डाउन पेमेंट रखना समझदारी है।

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 3:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
₹10 लाख की गाड़ी पर 20% डाउन पेमेंट देने से ₹8 लाख का लोन लेना होगा।

Car Loan Calculator: नई गाड़ी खरीदते समय ज्यादातर लोग उसकी कीमत और EMI पर ध्यान देते हैं। कोशिश रहती है कि डाउन पेमेंट कम से कम देना पड़े, ताकि शुरुआत में जेब पर ज्यादा बोझ न आए। लेकिन कम डाउन पेमेंट का मतलब है ज्यादा लोन। इससे हर महीने की EMI और कुल ब्याज दोनों बढ़ जाते हैं। दूसरी तरफ, ज्यादा डाउन पेमेंट देने से लोन की रकम घट जाती है। इससे ब्याज भी कम चुकाना पड़ता है।

आइए, ₹6 लाख, ₹10 लाख और ₹15 लाख की गाड़ी के उदाहरण से समझते हैं कि कितना डाउन पेमेंट देने पर EMI कितनी बनेगी। इस कैलकुलेशन में सालाना ब्याज दर 9% और लोन की अवधि 5 साल यानी 60 महीने मानी गई है।

डाउन पेमेंट बढ़ाने से कितना फायदा होगा?

मान लीजिए आप ₹10 लाख की गाड़ी खरीद रहे हैं। अगर आप 20% डाउन पेमेंट देते हैं तो ₹2 लाख शुरुआत में देने होंगे। बाकी ₹8 लाख का लोन लेना होगा। इस पर हर महीने करीब ₹16,607 की EMI बनेगी।


अब डाउन पेमेंट बढ़ाकर 30% कर दें तो आपको ₹3 लाख देने होंगे। लोन की रकम घटकर ₹7 लाख रह जाएगी। EMI भी कम होकर करीब ₹14,531 हो जाएगी। यानी हर महीने करीब ₹2,076 की बचत होगी। पांच साल में ब्याज का खर्च भी लगभग ₹24,550 कम हो जाएगा।

इससे साफ है कि ज्यादा डाउन पेमेंट देने पर ब्याज बचता है। लेकिन इसके लिए शुरुआत में ज्यादा रकम जुटानी पड़ती है। अब तीन अलग-अलग कीमतों की गाड़ियों का हिसाब देखते हैं।

₹6 लाख की गाड़ी पर कितना देना होगा?

अगर गाड़ी की कीमत ₹6 लाख है तो 20% डाउन पेमेंट देने पर ₹1.20 लाख की जरूरत होगी। बाकी ₹4.80 लाख का लोन मिलेगा। इसकी EMI करीब ₹9,964 बनेगी।

वहीं, 30% डाउन पेमेंट देने पर ₹1.80 लाख शुरुआत में देने होंगे। लोन घटकर ₹4.20 लाख रह जाएगा और EMI करीब ₹8,719 होगी।

डाउन पेमेंट लोन की रकम मासिक EMI कुल ब्याज
₹1.20 लाख (20%)
₹4.80 लाख ₹9,964 ₹1.18 लाख
₹1.50 लाख (25%)
₹4.50 लाख ₹9,341 ₹1.10 लाख
₹1.80 लाख (30%)
₹4.20 लाख ₹8,719 ₹1.03 लाख

₹10 लाख की गाड़ी का हिसाब

₹10 लाख की गाड़ी पर 20% डाउन पेमेंट देने से ₹8 लाख का लोन लेना होगा। इसकी EMI करीब ₹16,607 बनेगी। पांच साल में लगभग ₹1.96 लाख ब्याज चुकाना होगा।

अगर आप 30% डाउन पेमेंट देते हैं तो लोन ₹7 लाख का रह जाएगा। EMI घटकर करीब ₹14,531 हो जाएगी। इस स्थिति में कुल ब्याज करीब ₹1.72 लाख होगा।

डाउन पेमेंट लोन की रकम मासिक EMI कुल ब्याज
₹2 लाख (20%)
₹8 लाख ₹16,607 ₹1.96 लाख
₹2.50 लाख (25%)
₹7.50 लाख ₹15,569 ₹1.84 लाख
₹3 लाख (30%)
₹7 लाख ₹14,531 ₹1.72 लाख

₹15 लाख की गाड़ी पर कितनी EMI बनेगी?

₹15 लाख की गाड़ी खरीदने पर 20% डाउन पेमेंट यानी ₹3 लाख देने होंगे। बाकी ₹12 लाख का लोन मिलेगा। इसकी EMI करीब ₹24,910 बनेगी। पांच साल में ब्याज का खर्च लगभग ₹2.95 लाख होगा।

अगर आप 30% डाउन पेमेंट देते हैं तो शुरुआत में ₹4.50 लाख लगाने होंगे। लोन घटकर ₹10.50 लाख रह जाएगा। EMI करीब ₹21,796 और कुल ब्याज लगभग ₹2.58 लाख होगा।

डाउन पेमेंट लोन की रकम मासिक EMI कुल ब्याज
₹3 लाख (20%)
₹12 लाख ₹24,910 ₹2.95 लाख
₹3.75 लाख (25%)
₹11.25 लाख ₹23,353 ₹2.76 लाख
₹4.50 लाख (30%)
₹10.50 लाख ₹21,796 ₹2.58 लाख

कितना डाउन पेमेंट रखना बेहतर है?

आमतौर पर गाड़ी की कीमत का 20% से 30% डाउन पेमेंट रखना एक अच्छा शुरुआती पैमाना हो सकता है। अगर आपकी बचत अच्छी है और ज्यादा डाउन पेमेंट देने के बाद भी पर्याप्त पैसा बचता है तो 25% या 30% का विकल्प चुन सकते हैं। इससे लोन की रकम और ब्याज दोनों कम होंगे।

लेकिन सिर्फ ब्याज बचाने के लिए अपनी पूरी जमा पूंजी खर्च न करें। नौकरी जाने, बीमारी या किसी अचानक आने वाले खर्च के लिए भी पैसा बचाकर रखना जरूरी है। कोशिश करें कि डाउन पेमेंट देने के बाद कम से कम 3 से 6 महीने के जरूरी खर्च के बराबर रकम इमरजेंसी फंड में बची रहे।

Post Office MIS: ₹5 लाख जमा करने पर हर महीने कितनी कमाई होगी? समझिए पूरा हिसाब

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।