EPFO UPI Withdrawal: कर्मचारी भविष्य निधि सदस्यों के लिए बड़ी राहत की खबर है। UPI के माध्यम से PF की रकम निकालने की सुविधा दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू होने की संभावना है। इस नई व्यवस्था से क्लेम मंजूरी और खाते में पैसा आने के बीच लगने वाला समय काफी कम हो सकता है।
शुरुआती दौर में इस सुविधा के तहत कम से कम ₹1,000 की ट्रांजैक्शन सीमा रखने पर विचार चल रहा है, ताकि बार-बार होने वाले छोटे-छोटे क्लेम को रोका जा सके और प्रोसेसिंग का बोझ कम रहे। यह कदम बड़े डिजिटल बदलाव की रूपरेखा का हिस्सा है।
कब सामने आई थी UPI से PF निकासी की योजना?
UPI आधारित क्लेम सेटलमेंट की पहल को लेकर औपचारिक चर्चा मार्च 2025 में हुई कार्यकारी समिति की बैठक में सामने आई थी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में हुई बोर्ड बैठक में तेज ऑटोमेटेड क्लेम, तुरंत निकासी और बेहतर डिजिटल सेवाओं के लिए व्यापक डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन फ्रेमवर्क को मंजूरी दी गई थी।
तकनीकी स्तर पर API तैयार करने और इसे बैंकिंग व पेमेंट सिस्टम के साथ जोड़ने का काम किया गया। शुरुआत में यह सुविधा पिछले वित्त वर्ष के अंत तक आने की उम्मीद थी, लेकिन तकनीकी एकीकरण और टेस्टिंग की प्रक्रिया के चलते इसमें देरी हुई।
टेस्टिंग और मौजूदा स्थिति क्या है?
UPI निकासी सुविधा की तकनीक तैयार हो चुकी है और सुरक्षा व परफॉर्मेंस से जुड़ी जांच पूरी की जा चुकी है। अलग-अलग यूजर ग्रुप्स पर दो चरणों में ट्रायल चलाया गया और परीक्षण के दौरान सामने आई खामियों को दूर किया गया।
क्लोज्ड यूजर ग्रुप (CUG) टेस्टिंग के दौरान 102 PF क्लेम सफलतापूर्वक निपटाए गए और लाभार्थियों के बैंक खातों में UPI के जरिए ₹4.97 लाख से अधिक की राशि तुरंत ट्रांसफर हुई।
सिस्टम की स्थिरता और भरोसे को बढ़ाने के लिए तकनीकी टीमों के समन्वय से परफॉर्मेंस ऑप्टिमाइजेशन और फाइन-ट्यूनिंग जारी है। साथ ही नए सेंट्रलाइज्ड आईटी प्लेटफॉर्म माइग्रेशन से जुड़ी कुछ तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जाना अभी बाकी है, जिसके बाद ही इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा।
कैसे काम करेगी UPI से PF निकासी की सुविधा?
नई व्यवस्था लागू होने के बाद PF सदस्य BHIM ऐप के जरिए UPI का इस्तेमाल करके मंजूर निकासी राशि सीधे अपने बैंक खाते में ले सकेंगे। इससे सदस्यों को पारंपरिक तरीके से लंबे इंतजार के बजाय तेज भुगतान का विकल्प मिलेगा।
वहीं, कम से कम ₹1,000 की संभावित न्यूनतम सीमा का मतलब है कि सदस्य ₹1,000 से कम की निकासी के लिए इस UPI सुविधा का उपयोग शायद न कर सकें। इसका मकसद छोटे क्लेम की भरमार रोकना और सिस्टम पर अतिरिक्त लोड कम करना है।